औरंगाबाद के 2.63 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंची अगस्त की पेंशन, 30.93 करोड़ रुपये DBT से ट्रांसफर

औरंगाबाद जिले के 2.63 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में अगस्त माह की पेंशन राशि DBT के माध्यम से सफलतापूर्वक भेज दी गई है. कुल 30.93 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई है, जिससे वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को सीधा लाभ मिला है.

Aurangabad Pension 2026 : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अगस्त 2026 की पेंशन राशि डीबीटी के जरिए लाभुकों के खातों में भेजी. इस दौरान राज्य के 105.68 लाख पेंशनधारियों के बैंक खातों में कुल 1233.87 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गयी. प्रत्येक पात्र पेंशनधारी के खाते में 1100 रुपये की मासिक पेंशन भेजी गयी.

औरंगाबाद के लाभुक

राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण औरंगाबाद समाहरणालय परिसर स्थित योजना भवन के सभा कक्ष में किया गया. कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, अपर समाहर्ता विशेष शाखा मो सादुल हसन खां, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तिखार अहमद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग महेशानंद तथा सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग प्रियंका कुमारी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी मौजूद रहे.

सभी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता की. औरंगाबाद जिले में अगस्त माह की पेंशन के रूप में कुल 263070 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में 30.93 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई. इससे जिले के वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को सीधे उनके बैंक खातों में पेंशन की राशि उपलब्ध हुई.

छह योजनाएं शामिल

योजना-वार आंकड़ों के अनुसार इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 43650 पेंशनधारियों के खातों में 4 करोड़ 80 लाख 50 हजार 300 रुपये अंतरित किए गए. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 6357 लाभुकों के खातों में 70 लाख 64 हजार 300 रुपये भेजे गए.

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1391 पेंशनधारियों के खातों में 15 लाख 30 हजार 100 रुपये अंतरित किए गए. इसी तरह मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 162506 पेंशनधारियों के खातों में 19 करोड़ 70 लाख 60 हजार 800 रुपये भेजे गए.

लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 25133 पेंशनधारियों के खातों में 2 करोड़ 85 लाख 64 हजार 300 रुपये तथा बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 24033 लाभुकों के खातों में 2 करोड़ 70 लाख 52 हजार 700 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई.

हर माह भुगतान

सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को प्रत्येक माह की 10 तारीख को बैंक खातों में पेंशन राशि अंतरित किए जाने की व्यवस्था की गई है. इससे लाभुकों को समय पर पेंशन की राशि मिल रही है.

समाज कल्याण विभाग के सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के अंतर्गत वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से छह पेंशन योजनाओं का संचालन किया जा रहा है.

इन सभी योजनाओं के पात्र लाभुकों को प्रतिमाह 1100 रुपये की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से बैंक खातों में भेजी जाती है.

समस्याओं की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान मौजूद पेंशनधारियों से उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली गई. पेंशन तथा अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन एवं शिकायत प्राप्त करने के लिए कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्था की गई थी.

डीएम अभिलाषा शर्मा ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को समय पर पेंशन की राशि उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. पात्र लाभुकों को अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी प्रशासन लगातार काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है.

डीएम ने पेंशनधारियों से अपील की कि अपने क्षेत्र से संबंधित किसी भी समस्या अथवा सरकारी योजना का लाभ लेने में आ रही कठिनाई की जानकारी जिला प्रशासन को दें. उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा पात्र लाभुकों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुधीर कुमार सिन्हा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >