औरंगाबाद–पटना एनएच-139 पर दर्दनाक हादसा, ट्रक ने रिटायर्ड शिक्षक को 200 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत

औरंगाबाद में एनएच-139 पर ट्रक की चपेट में आने से रिटायर्ड शिक्षक की मौत। ट्रक ने बाइक को 200 मीटर तक घसीटा, इलाके में शोक की लहर।

औरंगाबाद–पटना मुख्य पथ (एनएच-139) पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई. मृतक की पहचान दाउदनगर शहर के वार्ड संख्या 16, रामनगर निवासी विजय सिंह के रूप में हुई है. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पत्नी को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे घर

जानकारी के अनुसार विजय सिंह की पत्नी सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं. वह उन्हें दाउदनगर स्थित बीआरसी छोड़ने बाइक से गए थे. पत्नी को छोड़ने के बाद घर लौटते समय उन्होंने सब्जी और फल भी खरीदे थे. इसी दौरान दाउदनगर थाना क्षेत्र के कुर्बान बिगहा के समीप पटना की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

200 मीटर तक घसीटता ले गया ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. हादसे में विजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद बाइक ट्रक में फंस गई. स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ लिया.

सेवानिवृत्ति के दो साल बाद हुआ हादसा

बताया जाता है कि विजय सिंह करीब दो वर्ष पहले शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे. उनके परिवार में पत्नी और एक पुत्र हैं. पुत्र इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं. उनकी पत्नी ओबरा प्रखंड के मझियांवा पंचायत अंतर्गत जमुहारा गांव के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं.

पुलिस ने शुरू की जांच, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही दाउदनगर के अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, सब इंस्पेक्टर विक्की कुमार और एएसआई भूपेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

फोरलेन और सुरक्षा व्यवस्था की उठी मांग

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच-139 पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, कड़ी निगरानी और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि इस मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >