(औरंगाबाद के मदनपुर से विनय कुमार सिंह की रिपोर्ट)
Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड की महुआवा पंचायत अंतर्गत प्राणपुर महादली टोला में नल जल योजना अधूरी हालत में है. योजना के तहत ढांचा निर्माण का कार्य तो पूरा कर लिया गया, लेकिन जल भंडारण के लिए पानी टंकी का निर्माण नहीं किया गया. इसके कारण अब तक महादलित टोले में जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है और ग्रामीणों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि बिना टंकी की नल जल योजना सिर्फ दिखावा बनकर रह गई है. पाइपलाइन तो बिछा दी गई लेकिन कई जगहों पर सही तरीके से कनेक्शन भी नहीं किए गए हैं. इससे योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है टोले के लोगों ने बताया कि गर्मी के मौसम में पानी की समस्या और गंभीर हो जाती है. जिससे उन्हें दूर दराज के स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है. टोले के लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पानी टंकी का निर्माण कर योजना को पूरा करने की मांग की है ताकि नियमित जलापूर्ति हो सके.
क्या कहते हैं टोले के लोग
अखिलेश कुमार ने कहा कि हम लोगों के लिए नल जल योजना उम्मीद की तरह आई थी लेकिन बिना पानी टंकी के सब बेकार हो गया .पाइप में पानी नहीं आता. रोजाना दूर जाकर पानी लाना पड़ता है
सरकार से मांग है कि जल्द टंकी लगाकर पानी की व्यवस्था शुरू कराई जाए.
बिजनी देवी ने कहा कि गर्मी में पानी के लिए परेशानी सबसे ज्यादा महिलाओं को झेलनी पड़ती है. सुबह-शाम दूर से पानी ढोना मजबूरी बन गई है. नल जल योजना का लाभ नहीं मिल रहा है. अगर टंकी लग जाती तो टोला वासियो को राहत मिलती. प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद है ताकि परेशानी खत्म हो सके.
कमलेश कुमार ने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है. पानी के लिए रोज संघर्ष करना पड़ता है. नल जल योजना अगर सही से लागू होती तो यह समस्या नहीं होती प्रशासन से आग्रह है कि जल्द टंकी लगाकर टोले में नियमित पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए.
कईल भुइयां ने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जब समाधान नहीं मिलता तो लोगों का भरोसा तंत्र से उठने लगता है. यही स्थिति यहां देखने को मिल रही है जो चिंता का विषय है समस्या का समाधान शीघ्र होना चाहिए.
सत्येंद्र भुइयां ने कहा कि टोले में पानी की समस्या के कारण सामाजिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है. क्योंकि लोग अपने दैनिक कार्य में ही व्यस्त रहते हैं इससे जीवन की गुणवत्ता पर नकारात्मक असर पड़ रहा है.
लालन राम ने कहा कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत पूरी नहीं हो रही है जो किसी भी टोल के लिए गंभीर समस्या है. इसके बावजूद समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है इस पर विभाग को संज्ञान लेना चाहिए.
क्या कहते हैं प्रखंड विकास पदाधिकारी
BDO डॉ अवतुल्य कुमार आर्य ने कहा कि नल जल योजना के तहत पानी की टंकी नहीं लगाए जाने संबंधी कोई औपचारिक शिकायत अब तक प्राप्त नहीं हुई है .बावजूद यदि प्राणपुर महादलित टोला में इस प्रकार की समस्या हेतु उसकी जांच कराई जाएगी .जांच में तथ्य सामने आने पर संबंधित एजेंसी को आवश्यक दिशा निर्देश देकर जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को निर्वाण व स्वच्छ पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज के सभी सरकारी विद्यालयों में अचानक पहुंचेगी जांच टीम, पढ़ाई से लेकर स्मार्ट क्लास तक होगी पड़ताल
