Aurangabad News (ब्रजेश द्विवेदी की रिपोर्ट): औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के डिहरा लख के समीप पटना मुख्य कैनाल में नहाने के दौरान एक 20 वर्षीय युवक के डूबकर लापता होने का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. लापता युवक की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के कंचन बिगहा अतरौली निवासी मोहम्मद आलमगिर के पुत्र औरंगजेब के रूप में स्पष्ट तौर पर हुई है. वैसे स्थानीय स्तर पर आशंका जतायी जा रही है कि गहरे पानी में डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गयी है. यह दुखद घटना मंगलवार की शाम की बताई जा रही है.
स्थानीय गोताखोरों ने की तलाश
इधर घटना की आधिकारिक सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन की. पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में बहे युवक के शव को प्राप्त करने के लिए काफी कोशिश करायी. हालांकि समाचार प्रेषण तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका था. घटना से संबंधित प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक अपने गांव के पांच दोस्तों इरफान, गोल्डन, छोटू, मोनू एवं सेराज के साथ डिहरा लख के समीप नहर में नहाने गया था.
तेज बहाव में बहा युवक
इसी दौरान वह अचानक नहर के अत्यंत तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते वह गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया. उसके साथ गए अन्य दोस्तों ने उसे बचाने के लिए काफी शोरगुल मचाया, लेकिन तब तक वह पानी के तेज बहाव मे दूर बह गया. कुछ ही क्षण में उक्त जगह पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ लग गयी. ग्रामीण स्तर पर खोजबीन का भरपूर प्रयास किया गया, लेकिन बहाव तेज होने के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी.
रील बनाने पहुंचे थे दोस्त
घटना के बाद से पीड़ित परिजनों के चीत्कार से आसपास का पूरा इलाका दहल गया है. इधर क्षेत्र में चर्चा यह भी है कि लापता युवक अपने दोस्तों के साथ लगभग 12 से 15 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर विशेष रूप से डिहरा लख पहुंचा था. सभी युवक यहाँ सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के उदेश्य से आये थे. वे नहर के तेज बहाव को खुद के साथ कैमरे में कैद करना चाहते थे, लेकिन उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया.
एसडीआरएफ की टीम को सूचना
ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार एवं अंचलाधिकारी हरिहरनाथ पाठक ने संयुक्त रूप से बताया है कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार खोजबीन करायी जा रही है. इसके साथ ही त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की विशेष टीम को भी सूचना दे दी गयी है. ज्ञात हो कि आजकल रील बनाने के चक्कर में युवा अपनी जान को भी जोखिम में डालने से बिल्कुल परहेज नहीं कर रहे हैं. औरंगाबाद जिले में पहले भी रील बनाने के चक्कर में कई युवाओं की जान जा चुकी है.
Also Read: दाउदनगर अस्पताल में मातृत्व अभियान उत्सव, 118 गर्भवतियों की जांच और 45 हाई रिस्क चिन्हित
