नीट री-एग्जाम 2026 को लेकर औरंगाबाद प्रशासन अलर्ट, DM-SP ने दिए सख्त निर्देश

Aurangabad News: नीट री-एग्जाम 2026 को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए औरंगाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. इसे लेकर एनटीए के महानिदेशक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए डीएम और एसपी के साथ समीक्षा बैठक की.

Aurangabad News (सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट): औरंगाबाद में आगामी नीट परीक्षा 2026 के री-एग्जाम को पूरी तरह सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के डायरेक्टर जनरल द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की गई. इस उच्च स्तरीय बैठक में औरंगाबाद की जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र प्रसाद सहित अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे.

सघन जांच के बाद मिलेगा प्रवेश

बैठक के दौरान एनटीए के डायरेक्टर जनरल ने परीक्षा संचालन से जुड़ी विभिन्न तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने सभी चिन्हित परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने का कड़ा निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए. इसके साथ ही अभ्यर्थियों के प्रवेश से पूर्व सघन जांच, प्रवेश एवं निकास की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा परीक्षा अवधि के दौरान लगातार कड़ी निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया गया.

सीसीटीवी से होगी सतत मॉनिटरिंग

समीक्षा बैठक में निर्देश दिया गया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में अधिकतम 24 परीक्षार्थियों को ही बैठाया जाए. परीक्षा के दौरान उनके बीच निर्धारित दूरी बनाए रखना पूरी तरह अनिवार्य होगा. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को हमेशा क्रियाशील रखने और उनकी सतत मॉनिटरिंग करने के भी कड़े निर्देश दिए गए हैं. ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की संभावना को पूरी तरह से समाप्त किया जा सके.

बिजली और पेयजल की व्यवस्था

बैठक में परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया. गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पंखों की उचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. जिससे परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों को केंद्र पर किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. डीएम अभिलाषा शर्मा और एसपी अंबरीश राहुल ने बताया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जाएगा.

अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश

इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएंगी. इसके साथ ही एनटीए द्वारा जारी किए गए सभी गाइडलाइंस का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखने और अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं निष्पक्ष माहौल उपलब्ध कराने के लिए हर स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी.

Also Read: ओबरा के डिहरा लख में रील बनाने गए पांच दोस्त, नहाने के दौरान नहर में डूबा युवक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >