औरंगाबाद में भीषण चोरी, दो घरों से लाखों के जेवर और नगदी उड़ाए, जांच में जुटी पुलिस

जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाढ़ी गांव में मंगलवार की रात चोरों ने जमकर आतंक मचाया. बेखौफ अपराधियों ने गांव के दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया.

Aurangabad News: (दाउदनगर से ओम प्रकाश) जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाढ़ी गांव में मंगलवार की रात चोरों ने जमकर आतंक मचाया. बेखौफ अपराधियों ने गांव के दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

चोरों ने की भीषण चोरी

जानकारी के अनुसार, बेलाढ़ी निवासी शैलेंद्र सिंह के घर में उस समय चोरी की वारदात हुई जब वे अपने भगिना की शादी में शामिल होने बारुण गए हुए थे. घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं. इसी का फायदा उठाकर चोर देर रात किसी तरह घर में घुस गए. बताया जाता है कि चोरों ने घर के बाहर से दरवाजे को बंद कर दिया ताकि अंदर मौजूद महिलाएं बाहर न निकल सकें. इसके बाद चोरों ने घर में रखे गोदरेज और बक्सों का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली.

जेवरात से भरे बक्से लेकर फरार हुए चोर

गृहस्वामी के अनुसार, चोर जेवरात से भरा पूरा बक्सा ही अपने साथ उठा ले गए. उस बक्से में घर की तीन महिलाओं के सोने-चांदी के कीमती आभूषण रखे हुए थे. चोरी गई संपत्ति की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है. हालांकि नगद कितनी राशि चोरी हुई है, इसका सही आकलन अभी नहीं हो पाया है. परिवार के एक सदस्य के बाहर रहने के कारण उनके आने के बाद ही पूरी जानकारी मिल सकेगी. इसी रात चोरों ने गांव के ही जनेश्वर सिंह के बंद पड़े घर को भी निशाना बनाया.

ताला तोड़कर अंदर पहुंचे चोर

जनेश्वर सिंह दिल्ली में रहकर निजी कंपनी में काम करते हैं. चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बक्सों का ताला तोड़ उसमें रखा सामान चोरी कर लिया. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उनके घर से कितनी संपत्ति चोरी हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि जनेश्वर सिंह के गांव पहुंचने के बाद ही वास्तविक नुकसान का पता चल पाएगा.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर दाउदनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घरों में जांच-पड़ताल की. हालांकि समाचार लिखे जाने तक थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.

Also Read: रोहतास में सुबह सुबह भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों में भिड़ंत, 5 की हालत नाजुक

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sakshi Kumari

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >