मदनपुर से विनय कुमार सिंह की रिपोर्ट:
Aurangabad News : बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डंगरा आहर के पिंड पर मानवता को शर्मसार करने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक नवजात शिशु का शव लावारिस अवस्था में पड़ा हुआ मिला, जिसे कुत्ते नोंचकर खाने का प्रयास कर रहे थे. इस हृदय विदारक दृश्य को देखकर इलाके के लोग दंग रह गए.
ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाकर शव को दफनाया
इस घटना की जानकारी तब हुई जब आसपास के ग्रामीण युवक और महिलाएं वहां से गुजर रहे थे. उन्होंने जब इस भयावह दृश्य को देखा, तो तत्परता दिखाते हुए तुरंत कुत्तों को वहां से भगाया. इसके बाद ग्रामीणों ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए नवजात शिशु के शव को ससम्मान विधिवत गड्ढा खोदकर दफना दिया.
निजी अस्पताल में प्रसव के बाद शव फेंकने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह किसी का नाजायज बच्चा हो सकता है, जिसे लोक-लाज और बदनामी के डर से इस सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया. घटनास्थल पर शिशु के शव के पास एक प्लास्टिक का चिमटा (अम्बिलिकल कॉर्ड क्लैंप) भी पाया गया है. इससे यह मजबूत आशंका जताई जा रही है कि बच्चे का प्रसव किसी निजी अस्पताल या नर्सिंग होम में कराया गया होगा और बाद में नवजात को यहां लाकर छोड़ दिया गया.
पुलिस जांच में जुटी
इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है. लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घिनौनी घटनाएं समाज में लगातार गिरते जा रहे मानवीय मूल्यों और क्रूरता को दर्शाती हैं. इस संबंध में मदनपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि नवजात शिशु के शव का स्थानीय ग्रामीणों की मदद से विधिवत अंतिम संस्कार करा दिया गया है. पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां किसने फेंका था.
Also Read : औरंगाबाद के दाउदनगर में फिर चलेगा बुलडोजर, 53 चिन्हित जगहों से हटेगा अतिक्रमण
