Aurangabad News: (औरंगाबाद से विश्वनाथ पांडेय की रिपोर्ट) :
कुटुंबा थाना क्षेत्र के चिंतावन बिगहा गांव निवासी सुनील कुमार उर्फ अरुण पांडेय को उनके बेटे की शादी के दिन गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के चर्चित मामले में दो मुख्य आरोपितों ने पटना में सरेंडर कर दिया है. गुरुवार को कुटुंबा एसएचओ इमरान अली के नेतृत्व में पुलिस की टीम आरोपियों के घर पर कुर्की-जब्ती करने पहुंची थी.
आरोपियों ने पटना में किया सरेंडर
पुलिस की दबिश और कुर्की-जब्ती से बचने के लिए दोनों बदमाशों ने पटना जिले के अलग-अलग थानों में आत्मसमर्पण कर दिया. एसएचओ ने बताया कि पटना जिले के अमहारा थाना क्षेत्र के नगर बिहटा निवासी सहजानंद शर्मा के पुत्र दिलीप कुमार ने जक्कनपुर थाना में और अमहारा थाना क्षेत्र के चकमुंजे निवासी सुखाड़ी यादव के पुत्र दिनेश उर्फ जट्टा ने फुलवारी शरीफ थाना में आत्मसमर्पण किया है.
डेढ़ लाख रुपये में दी गई थी दूल्हे या उसके पिता की हत्या की सुपारी
कुटुंबा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी दिलीप कुमार ने ही इस पूरी घटना की साजिश रची थी. उसने डेढ़ लाख रुपये में दूल्हे या उसके पिता की हत्या की सुपारी दी थी. शूटरों को कहा गया था कि शादी से पहले दोनों में से किसी को टपका दो ताकि वैवाहिक कार्यक्रम टल जाए. इसके लिए साजिशकर्ता ने अपराधियों को 50 हजार रुपये एडवांस भी दिए थे और बाकी के एक लाख रुपये काम होने के बाद देने का वादा किया था. घटना के तीसरे दिन ही पुलिस ने एक आरोपी जितेंद्र को पटना के नगर बिहटा से गिरफ्तार किया था. वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधी स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचे थे और पहचान छिपाने के लिए गाड़ी के नंबर प्लेट पर मिट्टी का लेप लगा दिया था.
तिलक के 10 दिन पहले से ही वेश बदलकर कर रहे थे रेकी
सुनील कुमार के बेटे की शादी रोकने के लिए चार-पॉंच की संख्या में अपराधी 10 दिन पहले से ही गांव में रेकी कर रहे थे. तिलक के तीन दिन पहले आरोपी दिलीप कुर्ता-पायजामा पहनकर स्विफ्ट डिजायर कार (BR33T-0142) से अरुण पांडेय के दरवाजे तक पहुंचा था, जहां ग्रामीणों ने उसे मेहमान समझकर कोल्डड्रिंक भी पिलाई थी. इसके बाद वे वेश बदलकर क्षेत्र में घूमते रहे.
बारात के दिन जब दूल्हे के पिता सुनील कुमार स्कूटी से मउर और शेरवानी लेकर लौट रहे थे, तभी रसोइया गांव के पास अपराधियों ने उनकी स्कूटी में कार से टक्कर मार दी. उनके गिरते ही अपराधियों ने सिर को निशाना बनाकर गोली चला दी. संयोगवश गोली उनकी बाईं आंख के नीचे लगी. गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार का फिलहाल पटना एम्स में इलाज चल रहा है.
एसपी के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने खोला था पूरा राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंबरीश राहुल के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था. टीम में अपर एसएचओ उमेश कुमार, पुलिस पदाधिकारी रविशंकर कुमार, मिकू कुमार, अर्चना कुमारी, चंचल कुमारी तथा सिकंदर कुमार समेत आईआईटी अमहारा थाना की पुलिस शामिल थी.
गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र ने गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र ने पूछताछ में बताया कि वह तिलक के दौरान दूल्हे के बगल में बैठकर मोबाइल से तस्वीरें ले रहा था और पंडाल में खाना भी खाया था. एसएचओ इमरान अली ने बताया कि सभी आरोपियों को दबोचने में पुलिस को सफलता मिल गई है. अब अपराधियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ के लिए कुटुंबा थाना लाया जाएगा.
Also Read: दाउदनगर अनुमंडलीय विधिक संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, कई न्यायिक अधिकारी रहे मौजूद
