चर्चित जुनैद हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपियों के घर कुर्की

Aurangabad Crime News: औरंगाबाद के चर्चित जुनैद हत्याकांड में फरार चल रहे तीन सगे भाइयों के घर पर नगर थाना पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की है. सर्किल इंस्पेक्टर फहीम आजाद के नेतृत्व में नगर थाना क्षेत्र के नावाडीह मुहल्ला निवासी मो गालिब, मो दानिश और मो सैफ उर्फ मैडी के घरों की संपत्ति कुर्क की गई.

Aurangabad Crime News (औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट) :
चर्चित जुनैद हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने उनके घरों पर कुर्की की कार्रवाई की है. सर्किल इंस्पेक्टर फहीम आजाद के नेतृत्व में की गयी इस कार्रवाई से फरार आरोपियों पर दबाव और बढ़ गया है और पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि कानून से बचना अब संभव नहीं होगा. पुलिस द्वारा न्यायालय के आदेश के आलोक में नगर थाना क्षेत्र के नावाडीह मुहल्ला निवासी तीन फरार अभियुक्तों के घर कुर्की की कार्रवाई की गई.

फरार चल रहे तीनों आरोपी हैं सगे भाई, घर का सामान जब्त

कुर्की की जद में आए आरोपितों में मो गालिब, मो दानिश तथा मो सैफ उर्फ मैडी शामिल हैं. ये तीनों अभियुक्त जहूर अली के पुत्र बताए जाते हैं और लंबे समय से पुलिस गिरफ्त से बाहर चल रहे थे. न्यायालय से वारंट और इश्तेहार की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद जब अभियुक्तों ने आत्मसमर्पण नहीं किया, तब न्यायालय के निर्देश पर पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारियों ने उनके घरों की कुर्की की और सामान को ट्रैक्टर पर लादकर ले गई.

मामले में अब तक आठ आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जुनैद हत्याकांड में इन आरोपितों की संलिप्तता सामने आने के बाद लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही थी. पुलिस कार्यालय द्वारा जानकारी दी गयी है कि इस मामले में पुलिस पहले ही आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है. शेष फरार अभियुक्तों की तलाश लगातार जारी है. कुर्की की कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.

सरेंडर नहीं करने पर अन्य आरोपियों पर भी होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि हत्या जैसे गंभीर मामले में शामिल किसी भी अभियुक्त को बख्शा नहीं जाएगा. फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शामिल अन्य फरार अभियुक्त भी शीघ्र आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध भी कानूनी प्रक्रिया के तहत इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: तिलक से पहले रेकी, शादी के दिन फायरिंग, पुलिस के डर से आरोपियों का पटना में सरेंडर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >