औरंगाबाद में गैस की कालाबाजारी के खिलाफ फूटा गुस्सा, NH-139 पर सिलेंडर रखकर लोगों ने किया चक्का जाम

Aurangabad News: औरंगाबाद के जम्होर स्थित कुमार गैस एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सोमवार को NH-139 जाम कर दिया. उपभोक्ताओं का आरोप है कि पिछले 15 दिनों से उन्हें गैस नहीं मिल रही है, जबकि एजेंसी संचालक अधिक कीमत पर खुले बाजार में सिलेंडर बेच रहा है. जाम की सूचना पर पहुंचे प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और जम्होर थानाध्यक्ष ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को समाप्त कराया.

Aurangabad News (औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट):
सदर प्रखंड के जम्होर स्थित कुमार गैस एजेंसी के खिलाफ सोमवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिला. इसी बीच एजेंसी से गैस को दूसरे वाहनों के माध्यम से बाजार में भेजे जाने की सूचना मिली. कालाबाजारी के आरोपों से नाराज दर्जनों उपभोक्ताओं ने पहले जिला प्रशासन से शिकायत की, लेकिन जब तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर गैस सिलेंडर रखकर सड़क जाम कर दिया.

NH-139 पर लगी वाहनों की लंबी कतार, आवागमन हुआ बाधित

सड़क जाम होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि पिछले लगभग 15 दिनों से आम उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जबकि एजेंसी संचालक द्वारा अधिक कीमत पर खुले बाजार में सिलेंडर बेचे जा रहे हैं. इससे ग्रामीणों और उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया.

प्रशासनिक अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर बढ़ा आक्रोश

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि गैस नहीं मिलने की जानकारी मोबाइल फोन के माध्यम से जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी दी गई थी. इसके बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया. इसके बाद उपभोक्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

पुलिस और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के आश्वासन पर हटा जाम

इधर जाम की सूचना मिलते ही जम्होर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. हालांकि आक्रोशित उपभोक्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे और सड़क खाली करने से इनकार कर दिया. स्थिति को गंभीर होते देख थानाध्यक्ष ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को इसकी सूचना दी.

कुछ देर बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की. उन्होंने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया कि सभी पात्र लोगों को तत्काल गैस उपलब्ध कराई जाएगी तथा एजेंसी के खिलाफ लगाए गए कालाबाजारी के आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने सड़क जाम समाप्त कर दिया. इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य हो सका.

मामले की निष्पक्ष जांच की मांग, एजेंसी संचालक से नहीं हो सका संपर्क

इस घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा और उपभोक्ताओं ने एजेंसी की निष्पक्ष जांच की मांग की है. इधर इस पूरे मामले को लेकर एजेंसी संचालक से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका.

Also Read: इटाढ़ी ओवरब्रिज के बाद बक्सर में रेलवे गुमटी बंद, यात्रियों को हो रही परेशानी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >