Aurangabad News: (मणिकांत पाण्डेय) औरंगाबाद के गोह से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है. महज़ छह रुपये के लिए एक कलयुगी पिता ने अपनी ही औलाद की बलि चढ़ा दी. उपहारा गांव निवासी राजेश चौधरी ने अपनी सौतेली पत्नी के उकसावे में आकर अपने 13 वर्षीय मासूम बेटे खेसारी लाल की ऐसी बेरहमी से हत्या की, जिसे सुनकर पूरा इलाका सन्न है.
इस खौफनाक वारदात के बाद आरोपित पिता ने साक्ष्य छुपाने के लिए मासूम के शव को नदी किनारे दफना भी दिया, लेकिन कानून के लंबे हाथों से वह बच नहीं सका.
महज़ 6 रुपये के लिए हैवान बना पिता
घटना की शुरुआत बेहद मामूली बात से हुई थी. मृतक किशोर खेसारी लाल ने अपनी सौतेली माँ से मात्र छह रुपये लिए थे. इसी बात से नाराज होकर सौतेली माँ ने अपने पति राजेश चौधरी से बेटे की शिकायत कर दी.शिकायत मिलते ही पिता के सिर पर खून सवार हो गया. उसने डंडे (डमको) से मासूम खेसारी की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी.जब इतने से भी हत्यारे पिता का मन नहीं भरा, तो उसने दोपहर की कड़कड़ाती धूप में मासूम के हाथ-पैर बांधकर उसे खुले में तड़पने के लिए छोड़ दिया. इसके बाद भी जब क्रूरता की हदें पार हो गईं, तो उसने भूखे-प्यासे बच्चे को एक बंद भूसा घर (पुआल रखने के कमरे) में ठंस दिया.उमस, भूख और प्यास से तड़पते हुए मासूम ने आखिरकार दम तोड़ दिया.
रात के अंधेरे में शव को बालू में दफनाया
बेटे की मौत के बाद शातिर पिता ने मामले को रफा-दफा करने की साजिश रची. रात के अंधेरे में गांव की ही एक गाड़ी का इंतजाम कर वह शव को लेकर फरार हो गया. उसने अरवल जिले के बंशी थाना से बिल्कुल सटे पुनपुन नदी के एक बालू घाट पर शव को चुपचाप दफना दिया और वापस लौट आया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 24 घंटे में शव बरामद
घटना की भनक लगते ही उपहारा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक खेसारी लाल की सौतेली माँ, दादा, दादी और चाचा को हिरासत में ले लिया.पुलिसिया कड़ाई और कड़ी पूछताछ के बाद आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और शव के ठिकाने का पता बताया. सूत्रों से पता चला कि कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर पुनपुन नदी के बालू घाट से मासूम के शव को बरामद कर लिया है.
इस पूरे मामले पर जहाँ पुलिस सूत्रों का दावा है कि शव को पूरी तरह बरामद कर लिया गया है, वहीं थानाध्यक्ष आकाश कुमार का कहना है कि शव को निकालने और बरामद करने के प्रयास अभी जारी हैं. पुलिस मुख्य आरोपित पिता की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
इस जघन्य हत्याकांड के बाद से उपहारा गांव समेत पूरे औरंगाबाद और अरवल जिले में आक्रोश का माहौल है. हर कोई इस कलयुगी और हत्यारे पिता को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहा है.
Also Read : गोरौल में हज़रत गुलाम रसूल शाह वारसी का 42वां सालाना उर्स 2 जून को
