Aurangabad News: (ओम प्रकाश) औरंगबाद जिले के दाउदनगर में भूमिहीनों की समस्याओं, कथित भ्रष्टाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं में अनियमितताओं के विरोध में भाकपा माले ने गुरुवार को दाउदनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के प्रखंड सचिव एवं राज्य कमेटी सदस्य चंद्रमा पासवान ने की. धरना में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए.
गरीबों को उजाड़ने का लगाया आरोप
धरना को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव मुनारीक पासवान और पूर्व जिला सचिव जनार्दन प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों, भूमिहीनों और कमजोर वर्ग के लोगों को बेघर किया जा रहा है. उन्होंने सरकार से ऐसी कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की.
महंगाई और भ्रष्टाचार पर भी उठाए सवाल
वक्ताओं ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि बड़ी संख्या में गरीबों के राशन कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं. उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों और प्रखंड कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा सहित कई योजनाओं में अनियमितता होने का दावा किया.
राशन वितरण और प्रमाण पत्र निर्गत करने में गड़बड़ी का आरोप
धरना के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि कई जन वितरण प्रणाली के दुकानदार लाभुकों को मिलने वाले राशन में कटौती कर रहे हैं. साथ ही मजदूरों का लेबर कार्ड नहीं बन पाने और आवासीय, जाति एवं आय प्रमाण पत्र जारी करने में लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया गया.
बीडीओ और सीओ को सौंपा 11 सूत्री ज्ञापन
धरना-प्रदर्शन के बाद भाकपा माले नेताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचल अधिकारी (सीओ) को 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा. इसमें गरीबों पर बुलडोजर कार्रवाई रोकने, दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन में कथित अवैध वसूली बंद करने, प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता लाने और प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया सरल बनाने की मांग की गई.
मनरेगा, नल-जल और किसानों के मुद्दे भी उठाए
ज्ञापन में मनरेगा के तहत 200 दिन रोजगार और 600 रुपये दैनिक मजदूरी लागू करने, शहरी गरीबों को भी योजना से जोड़ने, सभी गांवों में नल-जल योजना के तहत नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता आसान बनाने की मांग की गई.
इसके अलावा सभी भूमिहीन गरीब परिवारों को पांच डिसमिल जमीन आवंटित करने, वर्षों से बसे परिवारों को बासगीत पर्चा देने, समान स्कूल शिक्षा व्यवस्था लागू करने, निजी विद्यालयों में मनमानी फीस पर रोक लगाने और स्मार्ट मीटर व्यवस्था समाप्त करने की भी मांग उठाई गई.
कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में काराकाट सांसद प्रतिनिधि प्रकाश कुमार उर्फ पिंटू सिंह, नरेंद्र कुमार, राजकुमार भगत, कयूम अंसारी, बिरजू चौधरी, दुधेश्वर मेहता, महेंद्र राम, परशुराम सिंह, गणेश कुमार, गिरजा राम तथा एपवा नेत्री सिंह अख्तरी बानो सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Also Read: औरंगाबाद में राजद का महाधरना, सांसद अभय कुशवाहा ने बढ़ते अपराध और महंगाई पर सरकार को घेरा
