(औरंगाबाद के रफीगंज से सत्येंद्र पाठक की रिपोर्ट)
Aurangabad News: औरंगाबाद के रफीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान कासमा थाना क्षेत्र के लोहरा पंचायत अंतर्गत भठकुरहा गांव निवासी 37 वर्षीय उमेश यादव के रूप में हुई है. वह पिछले लगभग दस वर्षों से भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में गार्ड के रूप में कार्यरत थे.
ड्यूटी खत्म कर लौटने के बाद फिर निकले थे बाहर
जानकारी के अनुसार उमेश यादव वर्तमान में रफीगंज के ललिता सिनेमा हॉल के पास अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे थे. बुधवार रात करीब 11:30 बजे ड्यूटी समाप्त कर वह बाइक से अपने घर पहुंचे थे. कुछ देर बाद किसी कार्यवश दोबारा बस स्टैंड की ओर निकले थे.
सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो से हुई भीषण टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक होटल के समीप सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो अचानक दाईं ओर मुड़ी, जिससे उमेश यादव की बाइक उसकी चपेट में आ गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोगों की मदद से घायल उमेश यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रफीगंज ले जाया गया. वहां चिकित्सक डॉ. ए.के. केशरी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के पिता विश्वनाथ यादव किसान हैं. उमेश यादव छह भाइयों में सबसे बड़े थे. उनके परिवार में पत्नी और दो पुत्र हैं. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शंभु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दुर्घटना की घटना कैद होने की बात सामने आई है. पुलिस फरार स्कॉर्पियो चालक और वाहन की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में मानसून की दस्तक से बदलेगा मौसम का मिजाज, दक्षिण बिहार में आज के बाद गर्मी से मिलेगी राहत
