Aurangabad News (औरंगाबाद से विनय सिंह किंकर की रिपोर्ट) :
मदनपुर थाना क्षेत्र के एनएच-19 किनारे पाठक बिगहा मोड़ के पास स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम में एक व्यक्ति के साथ 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित की पहचान गयाजी जिले के आमस थाना क्षेत्र के नीमा गांव निवासी सुरेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है. सुरेंद्र प्रसाद शनिवार को इस एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे. जैसे ही उन्होंने मशीन में अपना एटीएम कार्ड डाला, उनका कार्ड अंदर ही फंसा रह गया. काफी कोशिश करने के बाद भी जब कार्ड बाहर नहीं निकला, तो परेशानी में फंसे सुरेंद्र प्रसाद की नजर एटीएम मशीन पर ही चिपके एक मोबाइल नंबर पर पड़ी, जिसके ठीक नीचे लिखा था- ‘सहायता के लिए संपर्क करें’. इसके बाद पीड़ित ने उसी नंबर पर कॉल कर दिया.
ठग ने खुद को बताया बैंक कर्मी, बातों में उलझाकर पीड़ित को एटीएम से किया दूर
सुरेंद्र प्रसाद ने जैसे ही उस नंबर पर फोन किया, फोन उठाने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया. उसने पीड़ित को पूरी तरह भरोसे में लेते हुए कहा कि कार्ड निकालने की प्रक्रिया की जा रही है. इसके बाद ठग ने सुरेंद्र प्रसाद को एटीएम से थोड़ी दूर पर यह कहकर बुला लिया कि वहीं पर इस समस्या का समाधान हो जाएगा. ठग की बातों में आकर पीड़ित व्यक्ति एटीएम कक्ष से बाहर निकलकर थोड़ी दूर चला गया.
सहयोगी ने मशीन से निकाला कार्ड, खाते से उड़ाए 50 हजार रुपये
इधर, जैसे ही सुरेंद्र प्रसाद एटीएम से दूर गए, ठग का एक अन्य सहयोगी तुरंत एटीएम के पास पहुंचा और उसने मशीन में फंसे कार्ड को बाहर निकाल लिया. इसके तुरंत बाद पीड़ित के खाते से एक के बाद एक कर कई बार में रुपयों की अवैध निकासी की गई. कुछ ही देर में पीड़ित सुरेंद्र प्रसाद के मोबाइल पर लगातार रुपये डेबिट होने के मैसेज आने लगे. जब उन्होंने अपना मोबाइल और मैसेज चेक किया तो उनके होश उड़ गए क्योंकि उनके खाते से कुल 50 हजार रुपये निकल चुके थे. पीड़ित ने तुरंत वापस एटीएम पहुंचने की कोशिश की, लेकिन तब तक ठग मौके से फरार हो चुका था.
पीड़ित ने मदनपुर थाने में दिया आवेदन, आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
इस साइबर ठगी के शिकार होने के बाद पीड़ित सुरेंद्र प्रसाद ने सीधे मदनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया है. इस घटना के संबंध में मदनपुर के थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित से आवेदन प्राप्त हुआ है और इस आवेदन के आलोक में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
Also Read: औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: कार-ट्रैक्टर की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
