औरंगाबाद में क्षत्रिय नगर की जर्जर सड़क बनी मुसीबत, बारिश में गड्ढों और कीचड़ से लोगों का निकलना हुआ मुश्किल

औरंगाबाद शहर के क्षत्रिय नगर की मुख्य सड़क की हालत इन दिनों बदतर है. बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है. स्थानीय निवासी सड़क के स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की मांग कर रहे हैं.

औरंगाबाद शहर के क्षत्रिय नगर मोहल्ले की मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. नेशनल हाईवे से क्षत्रिय नगर जाने वाली इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. लगातार हो रही बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है और पूरी सड़क कीचड़ से लथपथ हो चुकी है. ऐसे में रोजाना हजारों लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

कुछ ही वर्षों में उखड़ गई सड़क, गुणवत्ता पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से मजबूत और टिकाऊ सड़क निर्माण की मांग की जा रही है. कुछ वर्ष पहले सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता ठीक नहीं होने के कारण सड़क कुछ ही समय में जर्जर हो गई. अब हालात ऐसे हैं कि सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहनों का गुजरना भी जोखिम भरा बन गया है.

बरसात में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को

मोहल्लेवासियों का आरोप है कि नगर परिषद शहर के विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन क्षत्रिय नगर की यह सड़क उन दावों की पोल खोल रही है. स्थानीय निवासी अशोक सिंह, उपेंद्र सिंह, संजय सिंह, कौशल कुमार, विकास कुमार, प्रदीप कुमार, छोटू कुमार और विनय शर्मा ने बताया कि बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह जलमग्न और कीचड़युक्त हो जाती है. इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक कठिनाई उठानी पड़ती है.

स्थायी सड़क निर्माण की उठी मांग

स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता से क्षत्रिय नगर की सड़क का जल्द स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है. उनका कहना है कि केवल आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं होगा. अब जरूरत है कि सड़क का बेहतर निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस परेशानी से मोहल्लेवासियों को स्थायी राहत मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >