Jal Jeevan Mission: जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर मंगलवार को उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक हुई. बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित और निर्माणाधीन जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. इसके साथ ही पेयजल शिकायत, जल गुणवत्ता, मानदेय भुगतान और विद्युत विपत्र से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई.
1,455 योजनाओं का हुआ है निविदा कार्य
बैठक में बताया गया कि जिले के छूटे हुए टोलों में हर घर नल का जल योजना के तहत कुल 1,455 योजनाओं का निविदा कार्य कराया गया है. इनमें 1,005 योजनाओं का काम पूरा हो चुका है, जबकि 450 योजनाएं अभी लंबित हैं.
उप विकास आयुक्त ने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने को कहा, ताकि निर्धारित समय में लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके.
2,949 योजनाएं पहले से अधिष्ठापित
अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल 2,949 हर घर नल का जल योजनाएं अधिष्ठापित हैं. इन योजनाओं के मरम्मति और रखरखाव का काम विभागीय स्तर से कराया जा रहा है.
उप विकास आयुक्त ने सभी जलापूर्ति योजनाओं का नियमित अंतराल पर निरीक्षण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जहां भी योजनाओं में तकनीकी खराबी या अन्य समस्या सामने आये, वहां संवेदकों के माध्यम से तत्काल मरम्मति करायी जाए, ताकि ग्रामीणों को पेयजल की समस्या का सामना नहीं करना पड़े.
पेयजल शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर
बैठक में पेयजल से संबंधित प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गयी. अधिकारियों को जलापूर्ति योजनाओं की स्थिति पर लगातार नजर रखने और लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया गया. साथ ही जल की गुणवत्ता की नियमित जांच और योजनाओं के बेहतर संचालन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये.
इसे भी पढ़ें: सारण में अजगर को शरीर पर लपेटकर करतब दिखाने का VIDEO वायरल, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई; मझनपूरा के चरण सिंह पर नजर
