दाउदनगर प्रखंड के मध्य विद्यालय जमुआवां में सोमवार को मध्याह्न भोजन के चावल से दुर्गंध आने की शिकायत के बाद भोजन वापस लौटा दिया गया. बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रशासन ने भोजन परोसने से रोक दिया और बच्चों को मध्याह्न अवकाश में घर भेज दिया.
जांच के बाद चावल को एजेंसी के पास भेजा गया वापस
प्रधानाध्यापक डॉ. मधेश्वर सिंह ने बताया कि सुबह करीब 9:25 बजे एमडीएम की आपूर्ति की गई थी. भोजन परोसने से पहले चावल की जांच करने पर उसमें तेज दुर्गंध महसूस हुई. इसके बाद चावल को बच्चों को नहीं खिलाया गया और बचा हुआ भोजन संबंधित एजेंसी को वापस कर दिया गया.
400 बच्चों के लिए पहुंचता है मध्याह्न भोजन
विद्यालय में प्रतिदिन करीब 400 बच्चों के लिए एमडीएम आता है. सोमवार के मेन्यू में चावल और तड़का शामिल था. प्रधानाध्यापक ने बताया कि तड़का सामान्य था, लेकिन चावल की गुणवत्ता खराब होने के कारण उसे परोसने से रोक दिया गया.
अधिकारियों को दी गई सूचना, जांच के निर्देश
मामले की जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दी गई है. अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
