औरंगाबाद के दाउदनगर में वित्तीय जागरूकता कार्यशाला, युवाओं को बताए सुरक्षित निवेश और साइबर ठगी से बचने के तरीके

दाउदनगर में आयोजित निःशुल्क वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं और नागरिकों को वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित निवेश और साइबर ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए. विशेषज्ञों ने बजट प्रबंधन, बचत और ऑनलाइन लेनदेन की सावधानियों पर प्रकाश डाला.

दाउदनगर. दर्शन इंस्टिट्यूट, वीसीएसआरएम में समृद्धि शिक्षण संस्थान एवं भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित निवेश तथा साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना था.

बचत, निवेश और साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को बजट प्रबंधन, नियमित बचत की आदत, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार की बुनियादी जानकारी, केवाईसी की आवश्यकता, सुरक्षित निवेश के सिद्धांत और ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी. साथ ही बिना सत्यापन किसी भी निवेश योजना पर भरोसा नहीं करने और केवल अधिकृत संस्थानों के माध्यम से निवेश करने की सलाह दी गई.

वित्तीय साक्षरता समय की सबसे बड़ी जरूरत : निदेशक

संस्था के निदेशक रौशन कुमार सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में वित्तीय साक्षरता प्रत्येक नागरिक के लिए बेहद जरूरी हो गई है. सही वित्तीय जानकारी व्यक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से भी सुरक्षित रखती है. उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर उन्हें जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है.

18 वर्ष से अधिक आयु के लोग ले सकते हैं निःशुल्क प्रशिक्षण

निदेशक ने बताया कि दाउदनगर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी इच्छुक नागरिक इस 40 मिनट की निःशुल्क वित्तीय जागरूकता कार्यशाला में भाग ले सकते हैं. प्रतिभागियों की सुविधा के लिए प्रतिदिन दो बैच संचालित किए जा रहे हैं. पहला बैच सुबह 8:00 बजे और दूसरा बैच दोपहर 2:00 बजे आयोजित होता है. इच्छुक लोग दर्शन इंस्टिट्यूट, वीसीएसआरएम पहुंचकर निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं.

प्रतिभागियों ने बताया ज्ञानवर्धक और उपयोगी

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतिभागियों ने कार्यशाला को ज्ञानवर्धक और समय की जरूरत बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को सुरक्षित और समझदारीपूर्ण निवेश के लिए प्रेरित करते हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >