रफीगंज से सत्येंद्र पाठक की रिपोर्ट :
Aurangabad Crime News : रफीगंज थाना क्षेत्र के खिरहिरी गांव में ससुराल वालों द्वारा एक विवाहिता की बेरहमी से हत्या कर साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को जलाने का मामला प्रकाश में आया है. इस सनसनीखेज वारदात को लेकर मृतका सुनीता कुमारी के पिता और दाउदनगर थाना क्षेत्र के तडार गांव निवासी देव प्रसाद राम ने रफीगंज थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले में मृतका के पति मुन्ना राम, सास अनिता देवी और ससुर मिथिलेश दास सहित सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया है.
गया में पढ़ाई के दौरान हुआ था प्यार, प्रेग्नेंट होने पर की थी शादी
थाने में दी गई एफआईआर के अनुसार, मृतका सुनीता कुमारी गया में रहकर पढ़ाई करती थी. वहीं पर आरोपी मुन्ना कुमार भी रहता था. इस दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. जब सुनीता प्रेग्नेंट हो गई, तो मुन्ना कुमार ने बच्चे को अपनाते हुए उसे अपनी पत्नी के रूप में घर पर रखने की बात कही और शादी कर अपने घर ले गया. चार महीने पहले ही सुनीता कुमारी ने एक बेटी को जन्म दिया था.
सोने की चेन और सात लाख रुपये के लिए करते थे प्रताड़ित
पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास और ससुर समेत सभी आरोपी मिलकर उनकी बेटी को हमेशा टॉर्चर करते थे. दहेज में सोने की चेन और सात लाख रुपये की मांग को लेकर अक्सर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी. इस विवाद को सुलझाने के लिए मायके वालों की तरफ से कई बार समझौता कराने का प्रयास भी किया गया था, लेकिन ससुराल वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आए.
इलाज के दौरान मौत का बहाना बनाकर जला दिया शव
मृतका के पिता ने बताया कि अचानक दामाद मुन्ना कुमार ने फोन कर सूचना दी कि सुनीता कुमारी की तबीयत खराब थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है. इसके साथ ही बताया कि शव का दाह संस्कार भी कर दिया गया है. इस सूचना पर जब मायके वालों ने अपने स्तर से छानबीन की, तो पता चला कि सभी आरोपियों ने मिलकर पहले सुनीता की हत्या की और फिर सबूत मिटाने के लिए आनन-फानन में उसके शव को जला दिया.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी तेज
इस पूरे मामले के संबंध में प्रभारी एसएचओ (SHO) कौशलेंद्र कुमार और एसआई (SI) पप्पू कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं. पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
Also Read: औरंगाबाद के NH-139 पर चला बुलडोजर, हटाए गए अवैध ढाबे, अतिक्रमणकारियों में मची अफरा-तफरी
