औरंगाबाद में चहारदीवारी के अंदर मिला 40 वर्षीय दुकानदार का शव, जले के निशान से हत्या की आशंका

औरंगाबाद में राम लखन सिंह यादव कॉलेज के पास सोमवार की सुबह एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव चहारदीवारी के अंदर मिला. शव पर जले के निशान पाए जाने से हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Aurangabad Vendor murder: शहर के राम लखन सिंह यादव कॉलेज के समीप सोमवार की सुबह चहारदीवारी के अंदर 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान झारखंड के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कोल्हुआडा गांव निवासी फकीरा मेहता उर्फ शिव के रूप में हुई है. शव पर जले के निशान मिलने से हत्या की आशंका जतायी जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेज दिया.

शनिवार को ठेला लेकर निकला, फिर नहीं लौटा

जानकारी के अनुसार, फकीरा मेहता औरंगाबाद शहर के पोखरा मोहल्ले में अजय मेहता के मकान में किराये पर रहता था. वह ठेला लगाकर गुपचुप बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था. शनिवार की शाम वह रोज की तरह अपना ठेला लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. इसके बाद उसकी पत्नी रेखा देवी और अन्य परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.

मृतक का फाइल फोटो

शाहपुर में मिला ठेला, बढ़ी अनहोनी की आशंका

तलाश के दौरान फकीरा का ठेला शाहपुर मोहल्ला स्थित पूर्व पार्षद की गली के पास मिला. ठेला तो मिल गया, लेकिन फकीरा का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गयी और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी. परिजन लगातार दो दिनों तक शहर के विभिन्न इलाकों में उसकी खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका.

चहारदीवारी के अंदर शव मिलने से मचा हड़कंप

सोमवार की सुबह राम लखन सिंह यादव कॉलेज के समीप कुछ लोगों की नजर चहारदीवारी के अंदर पड़े शव पर पड़ी. शव दिखाई देने के बाद लोगों ने शोर मचाया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी. स्थानीय लोगों ने शव की पहचान फकीरा मेहता के रूप में की और उसके परिजनों को सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर रोने लगे.

जले के निशान मिलने से पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेज दिया. नगर थाना के दारोगा चंदन कुमार ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करायी. शव पर जले के निशान मिलने के कारण पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है. पुलिस फकीरा की मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

फकीरा की मौत की खबर मिलते ही उसकी पत्नी रेखा देवी समेत अन्य परिजनों का सदर अस्पताल में रो-रोकर बुरा हाल था. परिजन बार-बार यह सवाल कर रहे थे कि आखिर फकीरा के साथ ऐसी घटना कैसे हुई. पूर्व पार्षद विजय मेहता ने घटना को दुखद बताते हुए पुलिस से मामले की गंभीरता से छानबीन कर दोषियों का पता लगाने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें:‘अंकल बचा लीजिए...’ गिड़गिड़ाती रही लड़की, नकाबपोश बदमाशों ने टेलर दुकान से खींचकर मारी गोली; पुलिस ने बताई वजह


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार सिंह

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >