Aurangabad News : शहर में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ताजा मामला दाउदनगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 स्थित गोला रोड का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर नकद, सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चुरा लिया. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है.
छह महीने से बंद था मकान
बताया जाता है कि गोला रोड निवासी भाई भूषण कुमार और राकेश प्रसाद अपने परिवार के साथ ओडिशा में रहकर काम करते हैं. करीब छह महीने से उनका घर बंद था और उसमें कोई नहीं रह रहा था. हालांकि, पर्व-त्योहार के अवसर पर परिवार का कोई सदस्य कभी-कभार घर आता था और कुछ दिनों तक रहने के बाद वापस चला जाता था. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बंद मकान को अपना निशाना बना लिया.
Also Read : औरंगाबाद: देवघर गए थे शिक्षक दंपती, पीछे से चोरों ने घर खंगाला, 20 लाख की संपत्ति चोरी
गोदरेज और बक्सों के ताले भी तोड़े
अज्ञात चोरों ने मकान का मुख्य ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद घर में रखे गोदरेज, बक्से और अन्य सामानों के ताले भी तोड़ दिए. चोरों ने उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिए.
पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचीं गृहस्वामी की बहन
पड़ोसियों से चोरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद गृहस्वामी की बहन घर पहुंचीं. उन्होंने घर का जायजा लेने के बाद बताया कि चोर करीब 30 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए हैं.
Also Read : औरंगाबाद: बेदौलिया गांव में 10 दिनों से बंद नल-जल योजना, पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण
गृहस्वामी के आने के बाद होगा चोरी की संपत्ति का सही आकलन
गृहस्वामी के करीब छह महीने से बाहर रहने के कारण फिलहाल चोरी गई संपत्ति का सही आकलन नहीं हो सका है. गृहस्वामी के घर पहुंचने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कुल कितने रुपये की संपत्ति चोरी हुई है. आशंका जताई जा रही है कि चोरी गई संपत्ति की कीमत लाखों रुपये हो सकती है.
पुलिस ने शुरू की जांच-पड़ताल
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है. पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
