औरंगाबाद में सक्रिय हुआ मानसून, झमाझम बारिश से गर्मी से राहत, किसानों के चेहरे खिले

Aurangabad News : औरंगाबाद जिले में आखिरकार मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. शनिवार दोपहर से शुरू हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी है. इस बारिश से किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई है, क्योंकि वे अब खरीफ फसलों की बुआई की तैयारी में तेजी ला रहे हैं.

Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के कुटुंबा प्रखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया. सुबह हल्की फुहार के साथ मौसम ने करवट ली, जबकि दोपहर तक उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे. करीब 1:30 बजे के बाद अचानक मौसम बदला और प्रखंड मुख्यालय अंबा समेत दक्षिणी क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. बारिश शुरू होते ही लोगों ने भीषण गर्मी और उमस से राहत की सांस ली. पेड़-पौधों और पशु-पक्षियों को भी राहत मिली तथा पूरे इलाके का मौसम सुहावना हो गया. आसमान दिनभर घने बादलों से ढका रहा.

झारखंड सीमा से सटे इलाकों में भी छाए रहे काले बादल

झारखंड सीमा से लगे पहाड़ी क्षेत्रों में दिनभर काले घने बादलों का जमावड़ा बना रहा. तेज हवा के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई. बारिश के दौरान बाजारों और प्रमुख सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही.

बारिश से किसानों में बढ़ी उम्मीद, रोपनी की तैयारी तेज

बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी आने से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है. धान की रोपनी और खरीफ फसलों की बुआई की तैयारी कर रहे किसानों को अब खेती शुरू होने की उम्मीद बंध गई है. हालांकि क्षेत्र की छोटी-बड़ी नदियां अब भी सूखी हैं और उनमें जलप्रवाह शुरू नहीं हो सका है. किसानों का कहना है कि यदि लगातार दो-तीन दिन अच्छी बारिश होती है तो नदी-नालों में भी पानी आने लगेगा और कृषि कार्यों को गति मिलेगी.

अगले दो से तीन दिन और बारिश के आसार

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनूप कुमार चौबे ने बताया कि पूरे बिहार में मानसून सक्रिय हो चुका है. अगले दो से तीन दिनों तक औरंगाबाद सहित दक्षिण बिहार के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. उन्होंने लोगों से मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के दौरान सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. उनका कहना है कि यदि बारिश का यह क्रम जारी रहा तो खरीफ कृषि कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी.\

Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ambuj kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >