औरंगाबाद में 75 हजार से ज्यादा राशन कार्ड रद्द, 48 हजार नए कार्ड बनाने का लक्ष्य, हर पंचायत में लगेगा विशेष शिविर

औरंगाबाद जिले में 75,239 से अधिक संदिग्ध राशन कार्ड और सदस्यों के नाम विलोपित कर दिए गए हैं. जिले में 99.92% राशन कार्ड सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है. मुख्य सचिव ने पात्र परिवारों के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं.

Aurangabad Ration Card Verification : औरंगाबाद जिले में संदिग्ध राशन कार्डों के सत्यापन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 75,239 राशन कार्ड अथवा सदस्यों के नाम विलोपित कर दिए गए हैं. सोमवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक में जिले की प्रगति की समीक्षा की गई. बैठक में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा सहित संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए.

Aurangabad News : 99.92 प्रतिशत सत्यापन कार्य पूरा

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में राशन कार्ड सत्यापन के लिए 1,13,345 मामलों का लक्ष्य तय किया गया था. इनमें 1,13,258 मामलों का सत्यापन पूरा कर 99.92 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई. जांच के दौरान 75,239 संदिग्ध राशन कार्ड अथवा लाभुकों के नाम सूची से हटाए गए.

एसआईआर मामलों में भी तेज प्रगति.

एसआईआर के तहत 14,271 अभिलेखों में से 10,309 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है. समीक्षा में 98.88 प्रतिशत प्रगति दर्ज होने पर मुख्य सचिव ने शेष मामलों का भी जल्द निष्पादन करने के निर्देश दिए.

हर पंचायत में लगेगा राशन कार्ड शिविर

मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर प्रत्येक पंचायत में विशेष शिविर आयोजित कर ऐसे पात्र परिवारों की पहचान की जाए, जिनका अब तक राशन कार्ड नहीं बन पाया है. आवेदन प्राप्त करने से लेकर सत्यापन, ऑनलाइन प्रविष्टि, अनुमोदन और राशन कार्ड निर्गमन तक की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए.

48,241 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिले में 18,90,221 लाभार्थियों की सीमा के मुकाबले फिलहाल 16,85,195 लाभार्थी आच्छादित हैं. शेष 2,05,026 पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के लिए 48,241 नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे. इनमें 26 जुलाई तक 30,875 और 5 अगस्त तक 17,367 नए कार्ड जारी करने का लक्ष्य रखा गया है.

सीएमआर आपूर्ति और पीडीएस व्यवस्था की समीक्षा

बैठक में बताया गया कि जिले की सभी उचित मूल्य की दुकानें नियमित रूप से संचालित हो रही हैं. वहीं खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत अब तक 1,09,447.978 मीट्रिक टन सीएमआर भारतीय खाद्य निगम को उपलब्ध कराया जा चुका है, जो लक्ष्य का 88.46 प्रतिशत है. शेष आपूर्ति जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए.

डीएम ने दिए सख्त निर्देश

समीक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को मुख्य सचिव के निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने नए राशन कार्डों के शीघ्र निर्गमन, पात्र परिवारों की पहचान, लंबित सीएमआर आपूर्ति और जन वितरण प्रणाली की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sudhir kumar singh

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >