औरंगाबाद: CM से मुलाकात पर बोले सांसद, 'RJD में थे, हैं और रहेंगे', विकास परियोजनाओं पर सरकार से मांगा सहयोग

औरंगाबाद के राजद सांसद अभय कुशवाहा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद राजनीतिक अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुलाकात पूरी तरह विकास परियोजनाओं को लेकर थी, न कि किसी राजनीतिक बदलाव के लिए. सांसद ने विभिन्न विकास कार्यों पर सरकार से सहयोग मांगा है.

Aurangabad MP : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से हाल में हुई मुलाकात को लेकर उठ रही राजनीतिक अटकलों पर औरंगाबाद के राजद सांसद अभय कुशवाहा ने शुक्रवार को विराम लगाने की कोशिश की. उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद हैं, पार्टी के संसदीय दल के नेता और युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात पूरी तरह विकास कार्यों को लेकर हुई थी, इसका किसी राजनीतिक बदलाव से कोई संबंध नहीं है.

CM से मुलाकात पर दी सफाई

अभय कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री किसी एक दल या जाति के नहीं, बल्कि पूरे बिहार के मुख्यमंत्री हैं. इसलिए लोकसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर उनसे मिलना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही राजनीतिक चर्चाओं का कोई आधार नहीं है. उन्होंने दोहराया कि वह पहले भी राजद में थे और आगे भी राजद में ही रहेंगे.

छकरबंधा-देव सड़क निर्माण पर मिला सकारात्मक आश्वासन

सांसद ने बताया कि मुख्यमंत्री से छकरबंधा-देव-कचनपुर सड़क निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. करीब 18 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में वन विभाग की जमीन से जुड़ी बाधाओं को दूर करने का आश्वासन मिला है. उन्होंने कहा कि सड़क बनने से डुमरिया क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी.

गया मेडिकल कॉलेज तक नई सड़क का प्रस्ताव

उन्होंने बताया कि मदनपुर-खिरियावां मोड़-कासमा-गुरुआ-गुरारू होते हुए गया मेडिकल कॉलेज तक नई सड़क के निर्माण का भी प्रस्ताव रखा गया है. इस सड़क के बनने से लगभग 42 किलोमीटर की दूरी कम होगी और औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.

बारुण में बनेगा बड़ा सोलर प्रोजेक्ट

अभय कुशवाहा ने कहा कि बारुण में करीब 500 एकड़ भूमि पर बिहार का पहला 80 मेगावाट और 160 मेगावाट क्षमता वाला सोलर स्टोरेज प्रोजेक्ट स्थापित करने की तैयारी चल रही है. केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है और 15 अगस्त के बाद परियोजना का शिलान्यास कराने का प्रयास किया जाएगा.

एनएच-139 और सिंचाई परियोजनाओं का भी उठाया मुद्दा

सांसद ने कहा कि एनएच-139 फोरलेन परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा हुई, लेकिन अभी अपेक्षित प्रगति नहीं दिख रही है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात की जा चुकी है. इसके अलावा उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना की शाखा नहरों के डीपीआर में आ रही बाधाओं को दूर कराने का भी आग्रह किया गया है, ताकि किसानों को सिंचाई का पूरा लाभ मिल सके.

सरकार पर रोजगार के वादे को लेकर सवाल

प्रेस वार्ता में सांसद ने राज्य सरकार पर रोजगार के वादों को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक धरातल पर उसका असर दिखाई नहीं दे रहा है.

विपक्ष की भूमिका निभाने की बात

अभय कुशवाहा ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे. उन्होंने जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए 19 जुलाई को उसमें शामिल होने की भी घोषणा की. प्रेस वार्ता में आमोद चंद्रवंशी, उदय उज्ज्वल, अनिल यादव, डॉ. रमेश यादव, चंदन कुमार, विकास दिव्यकीर्ति, विकास यादव और संतोष कुशवाहा समेत कई नेता मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manish raj singham

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >