दोनों मृतकों की पत्नियों व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
सुवंश मेहता की हैं दो छोटी बच्चियां
नागेंद्र को आठ साल की लड़की व एक छोटा बेटा
औरंगाबाद नगर : जिले के फेसर थाना अंतर्गत विशुन बिगहा गांव में करेंट से चाचा-भतीजे की मौत के बाद एक ही साथ दो परिवारों पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है. सोमवार की सुबह विशुन बिगहा गांव निवासी सुवंश मेहता व नागेंद्र मेहता किसी काम सेे बांस काटने के लिए नदी किनारे गये थे. उन लोगों को यह पता नहीं था कि बांस के ऊपर से होकर बिजली का हाइ वोल्टेज तार गुजरा है और उसमें सप्लाई शुरू है, क्योंकि तार कुछ ही दिन पहले टांगा गया था.
नतीजा यह हुआ कि हरे बांस को काटने के दौरान दोनों करेंट की चपेट में आ गये. अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा दोनों की मौत की पुष्टि किये जाने के बाद परिजन अस्पताल में ही दहाड़ मार कर रोने चिल्लाने लगे. देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गयी. परिजनों ने बताया कि सुवंश मेहता की दो छोटी-छोटी पुत्रियां हैं, जबकि नागेंद्र मेहता की एक आठ साल की लड़की व पांच साल का लड़का है. दोनों लोग किसी तरह गांव में ही काम कर अपना परिवार चला रहे थे. हालांकि, परिजनों का कहना है कि दोनों लोग बांस काटने के लिए नहीं गये थे, बल्कि बधार में घुमने गये थे. जिसके कारण करंट लग गया और मौत हो गयी.
