वार्ड 29 में शिलान्यास के बाद न सड़क बनी, न ही लाइट जली
– चापाकल ने गड़ने के बाद नहीं दिया पानी
औरंगाबाद (ग्रामीण) : शहर में विकास का दंभ भरनेवाले जनप्रतिनिधियों ने किस तरह जनता को बेवकूफ बनाया, यह गांधी मैदान मोड़ के समीप लगे शिलान्यास से साबित होता है. विधानसभा चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 29 में एक्सचेंग गेट से देवी मंदिर होते हुए घुरा राम के घर तक पीसीसी व नाली निर्माण का शिलान्यास किया गया था.
शिलान्यास तत्कालीन विधायक सह पूर्व मंत्री रामाधार सिंह ने जिला शहरी विकास अभिकरण के तहत किया था. मौके पर नगर पर्षद की मुख्य पार्षद श्वेता गुप्ता व स्थानीय वार्ड पार्षद जितेंद्र पासवान भी मौजूद थे. अब सरकार बदल गयी, विधायक बदल गये, लेकिन उस कच्ची सड़क की तस्वीर नहीं बदली. पता चला है कि इस पथ को निर्माण के लिए स्वीकृत ही नहीं किया गया. टेंडर की बात तो दूर है.
आखिर स्थानीय लोग कब तक चुप रहते. उनके भीतर का गुस्सा सोमवार की सुबह अचानक फूट पड़ा. शिलान्यास स्थल के समीप पीसीसी पथ, हाइमास्ट लाइट व चापाकल की अधूरे व्यवस्था को लेकर जमकर अपनी नाराजगी जतायी. जिला प्रशासन से लेकर जन प्रतिनिधियों व नगर पर्षद के विरुद्ध अपनी आवाज को बुलंद किया.
नारे भी लगाये और चुनाव में पासा पलटने की भी धमकी दी. रणजीत कुमार साही, बबलू कुमार, सुनील कुमार, मनोज पासवान, तेतर साव, पिंटू कुमार सहित अन्य लोगों का कहना था कि पीसीसी पथ के नाम पर आम लोगों को लॉलीपोप दिया गया. गांधी मैदान मोड़ पर जो हाइमास्ट लाइट लगायी गयी है,उसका फायदा लोगों को नहीं मिलता.
गांधी मैदान मोड़ पर अपराधी भी सक्रिय हैं. कभी भी कोई घटना घट सकती है लेकिन नगर पर्षद और स्थानीय विधायक व अन्य जन प्रतिनिधियों का कोई वास्ता नहीं है. तेतर साव के दुकान के समीप छह माह पहले नया चापाकल लगवाया गया था, लेकिन आज उससे एक बूंद पानी भी नहीं टपका है. आखिर कब तक हमलोगों के साथ खिलवाड़ होगा.
जिम्मेवार लोगों की अलग-अलग राय
सड़क का निर्माण हो या न हो, लाइट जले या न जले, चापाकल से पानी निकले या निकले, लेकिन इसके करता-धरता की राय अलग-अलग है. नगर पर्षद की मुख्य पार्षद श्वेता गुप्ता कहती हैं कि सड़क का निर्माण कार्य डुडा से होना है. हाइमास्ट लाइट के ठेकेदार का भुगतान रोक दिया गया है.
इसके बाद भी उसे चालू कराने का प्रयास शुरू है. चापाकल को जल्द मरम्मत करा दिया जायेगा. जिला शहरी विकास अभिकरण के कार्यपालक अभियंता मोहम्मद असलम महमूद ने सड़क निर्माण कार्य पर कहा कि इसकी जांच कर स्थिति से अवगत होंगे. शिलान्यास कर चुके पूर्व विधायक रामाधार सिंह कहते हैं कि टेंडर प्रक्रिया में हैं.
