गेट स्कूल में मनाया गया जिले का 43वां स्थापना दिवस
औरंगाबाद कार्यालय : जिला का 43वां स्थापना दिवस समारोह में आयोजन मंच से बोलते हुए जिला पदाधिकारी कंवल तनुज ने नवीनगर में बननेवाले बिजलीघर (बीआरबीसीएल) से शीघ्र ही बिजली उत्पादन शुरू होने का संकेत दिया है. डीएम ने कहा कि जिले में दो बिजलीघर लगाये जा रहे है. इस राज्य में जितनी बिजली की उपलब्धता है उससे कहीं अधिक बिजली का उत्पादन इन दोनों परियोजनाओं से होगी.
यह परियोजना न केवल औरंगाबाद जिले के लिए बल्कि इस राज्य के लिए बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने वाली परियोजना है. इन दोनों परियोजनाओं को लगते ही बिहार में उद्योग का जाल बिछ जायेगा और फिर यह राज्य विकास के मामले में सबसे आगे होगा. मुझे गर्व है कि बिहार के विकास में अग्रणी भूमिका निभानेवाला औरंगाबाद का जिला पदाधिकारी हूं और इन दोनों परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने का जिम्मेवारी मैं ईमानदारी पूर्वक निभा रहा हूं. मुझे विश्वास है कि बीआरबीसीएल परियोजना से शीघ्र ही बिजली उत्पादन शुरू हो जायेगा और जैसे ही यहां की चिमनी से धुआं निकलेगी दूसरा बिजलीघर एनपीजीसी परियोजना में भी निर्माण कार्य की गति तेज हो जायेगी.
व्यवधान डालने का किया जा रहा है प्रयास : डीएम ने स्पष्ट कहा है कि बिजलीघर निर्माण में कुछ लोग व्यवधान डालने का प्रयास कर रहे है,लेकिन उनका यह प्रयास सफल नहीं होगा. क्योंकि इस परियोजना से न केवल औरंगाबाद का भविष्य जुड़ा है,बल्कि इस राज्य के साढ़े 10 करोड़ की आबादी का भविष्य टिका हुआ है. राज्य सरकार हर हाल में इस परियोजना को समय पर पूरा कराना चाहती है. इसके लिए मेरे ऊपर जिम्मेवारी सौंपी गयी है.
मैं 24 घंटे इस परियोजना को अपने निगह से देखता रहता हूं. लेकिन कुछ दिन से यह देखा जा रहा है कि कुछ लोग इसमें व्यवधान डालने का प्रयास भी कर रहे है. वैसे लोग नहीं चाहते है कि समय पर यह बिजलीघर शुरू हो. वे नहीं चाहते है कि इस परियोजना से बिहार का विकास हो, औरंगाबाद का भविष्य उज्जवल हो. उन्हें तो केवल बाधा डालने का प्रयास करना ही एक मकसद है. लेकिन मैं इस मंच से स्पष्ट कहना चाहता हूं कि कानून से बड़ा कोई नहीं है. कानून के दायरे में किसी की भी शिकायत सुनी जायेगी. उसमें जो सही बातें होगी उस पर अमल किया जायेगा, लेकिन कोई चाहे कि परियोजना में व्यवधान उत्पन्न करने के लिए कोई न कोई हथकंडा अपनाये, तो हम उसे बरदाश्त नहीं करेंगे.
सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुित: जिला का 43वां स्थापना दिवस समारोह का आयोजन मंगलवार को गेट स्कूल के मैदान में किया गया. इसका उद्घाटन जिला पदाधिकारी कंवल तनुज, विधायक आनंद शंकर, जिला 20 सूत्री के उपाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह, अनुसूचित जाति अयोग के उपाध्यक्ष रेणु देवी ने दीप जला कर किया.
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त संजीव कुमार सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुरेंद्र प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता सुनील कुमार सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामअनुग्रह प्रसाद सिंह, डीपीओ राजेश कुमार, जिला योजना पदाधिकारी कुमार पंकज, वरीय उपसमाहर्ता सीमा कुमारी, प्रभारी गोपनीय पदाधिकारी मुकेश कुमार मुकुल, सीएस डाॅ आरपी सिंह, नगर पर्षद कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार, कांग्रेस नेता अजय कुमार सिंह, एसडीपीओ पीएन साहू सहित शासनिक प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद थे. उद्घाटन की औपचारिकता पूरी होने के उपरांत दानिका सांस्कृतिक संस्थान, कपिल संगीत महाविद्यालय,अनुग्रह मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गयी, जिससे पूरा आयोजन स्थल संगीतमय बन गया. कार्यक्रम की देखरेख अनुग्रह मध्य विद्यालय के प्राचार्य उदय कुमार ने की.
‘प्रेरणा’ स्मारिका का विमोचन : आयोजन मंच पर विधायक व मंचासीन पदाधिकारियों द्वारा औरंगाबाद जिले के विकास पर आधारित स्मारिका ‘प्रेरणा’ का विमोचन किया गया. इस स्मारिका में औरंगाबाद जिले के साहित्यकार, लेखक व विद्वानों का लेख प्रकाशित किया गया है. स्मारिका विमोचन के उपरांत वहां पर उपस्थित लोगों ने स्मारिका की खुल कर सराहना की. जिलाधिकारी ने कहा कि यह प्रेरणा स्मारिका पठनीय है, अनुकरणीय है व संग्रहणीय भी.
विकास के पथ पर अग्रसर है जिला : विधायक
आयोजन मंच से संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक आनंद शंकर ने कहा कि जिला लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है. इस जिले में अपने 43 साल के समय काल में काफी उतार चढ़ाव देखा है.
यहां विकास के कई कार्य तेज से चल रहे है. लेकिन इसमें और गति प्रदान करने की आवश्यकता है. कांग्रेस विधायक ने शिक्षा के स्तर को और सुदृढ़ बनाने के प्रयास पर बल दिया और कहा कि स्कूलों में जब तक समुचित पठन-पाठन की व्यवस्था नहीं होती है तब तक सही मायने में यहां का विकास नहीं होगा.
सिंचाई संसाधनों को बेहतर बनाने की आवश्यकता : विश्वनाथ
जदयू जिलाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह ने संबोधन में कहा कि यह जिला कृषि पर आधारित है. सिंचाई संसाधनों को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है. सोन नहर का जीर्णोद्धार होना चाहिए और उत्तर कोयल नहर का निर्माण पूरा किया जाना चाहिए. हमारी सरकार कृषि को बढ़ावा देने के लिए और किसानों की स्थिति को सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार किसानों के भविष्य को उज्जवल बनाने का संकल्प ले चुके हैं. लेकिन केंद्र सरकार का सहयोग नहीं मिल पा रहा है.
विकास में महिलाओं की अहम भूमिका : रेणु
अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष रेणु देवी ने कहा कि जिले के विकास में यहां की महिलाओं की भूमिका सराहनीय रही है. यह जिला निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है.
