औरंगाबाद (सदर) : शहर से हो रही लगातार बाइक चोरी आम लोग के साथ जिला पुलिस के लिए यह सिर दर्द बना हुआ था. लेकिन मंगलवार को औरंगाबाद पुलिस को इस संदर्भ में सफलता हासिल हुई है.
कुटुंबा थानाध्यक्ष सुभाष राय के नेतृत्व में की गयी छापेमारी में अलग-अलग जगहों से तीन मोटरसाइकिल बरामद किये गये, साथ ही बाइक चोरों को भी पकड़ा गया है. कुटुंबा थानाध्यक्ष सुभाष राय ने बताया कि गुप्त सूचना के अाधार पर पुलिस जवानों के साथ एक छापेमारी दल का गठन कर चोरों के गिरोह का उद्भेदन किया गया है. उन्होंने बताया कि सिमरी बाला गांव के वकील पासवान के घर से चोरी का बाइक बरामद किया गया है.
साथ ही यहीं से बाइक चोरी के मामले का खुलासा हुआ. उसकी हर एक निशानदेही पर छापेमारी की गयी और पुलिस को सफलता मिली. इधर पकड़े गये अपराधियों के साथ पुलिस अधीक्षक बाबू राम ने प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि अपराधियों के साथ बरामद बाइक में एक को टाउन थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक के समीप से बरामद की गयी है. जो कुछ दिन पहले कोर्ट कैंपस से चोरी गयी थी. एक बाइक मुफस्सिल थाना क्षेत्र से भी बरामद की गयी है जो पूर्व में चोरी गयी थी और एक बाइक पैशन प्लस अंबा थाना क्षेत्र से बरामद की गयी है. पुलिस ने बताया कि तीन अलग अलग थानों में बरामद बाइक से संबंधित मामले को दर्ज किया गया है. साथ ही अपराधियों को धड़ पकड़ अब भी जारी है.
आसपास के राज्यों से जुड़ा है तार : एसपी बाबू राम ने बताया कि पकड़े गये अपराधी सभी युवा हैं और रुपये के लोभ में ये अपराधिक कार्यों में संलिप्त हो गये हैं. उन्होंने बताया कि ये मामूली रकम में चोरी की बाइक को बेचा करते थे.
10 से 20 हजार रुपये बाइक के कंडिशन पर तय होते थे. पसंद आने पर रुपये का तोल-मोल होता था. एसपी बताते हैं कि इन चोरों का तार आस-पास के राज्यों से भी जुड़ा हुआ है जो चोरी कर बाइक को पास के राज्यों में भी बेचा करते हैं. इनकी गिरफ्तारी के बाद पड़ोसी राज्य के थानों को इसकी सूचना दे दी गयी है.
पकड़े गये बाइक का नंबर : पुलिस ने जिन छह बाइकों को बरामद किया है उन बाइकों में पैशन प्रो बीआर 26 इ 6996, पैशन प्रो बीआर 26 बी 0115, पैशन प्रो जेएच 03एल 0519, बीआर 26 सी 9634 बाकी अन्य बाइकों का नंबर स्पष्ट नहीं हो सके हैं.
