औरंगाबाद (ग्रामीण). पाकिस्तान के पेशावर में बाचा खान विश्वविद्यालय में हुए आतंकी हमले में मारे गये शिक्षकों व विद्यार्थियों को हॉली क्रॉस के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने श्रद्धांजलि दी. गुरुवार को विद्यालय के प्रांगण में एक शोकसभा की गयी. इसमें नौवीं व 10वीं के सभी विद्यार्थी शामिल हुए. सभी ने दो मिनट का मौन रख मृतकों को श्रद्धांजलि दी. शोकसभा के दौरान विद्यार्थियों ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि विश्वविद्यालय व विद्यालय में किसी तरह के हमला कायर्तापूर्ण है. जहां समाज सेवकों को गढा जाता हो वहां इस तरह के हमलों का कोई जगह नहीं है.
प्राचार्य विनय कुमार सिंह, शिक्षक आरपी मिश्रा, संजय शर्मा, जय कुमार सिंह, पंकज सिंह, अनंत लक्ष्मी, स्वाती सिंह, विभा सिन्हा, चांदनी नाज ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान अपने ही आग में लगातार झुलस रहा है. आतंकवाद को बढ़ावा देना उन्हीं पर भारी पड़ रहा है. लेकिन निर्दोष पाकिस्तानियों पर लगातार हो रहे हमले चिंताजनक है. आतंकियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
शिक्षकों ने यह भी कहा कि 16 दिसंबर 2014 को पेशावर के आर्मी स्कूल में हुए तालिबानी आतंकियों के हमले के बाद भी पाकिस्तानी सरकार ने नहीं सीखा. आखिर कब तक विद्यार्थियों के जान के साथ खिलवाड़ होता रहेगा.
