औरंगाबाद (कोर्ट): जिला कल्याण विभाग द्वारा सोमवार को प्रथम श्रेणी से बोर्ड की परीक्षा उत्तीर्ण करनेवाले पिछड़े व अत्यंत पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्रओं को मेधावृत्ति राशि का चेक दिया गया.
डीडीसी भुवनेश्वर मिश्र, जिला मध्याह्न् प्रभारी रविकांत सिन्हा, डीसीएलआर धनजंय कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी शशि भूषण आर्य ने छात्र-छात्रओं को मेधावृत्ति राशि का चेक दिया. मुख्यमंत्री अत्यंत पिछड़ा वर्ग मेधावृत्ति योजना के तहत इन विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये का चेक दिया गया.
इस दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए डीडीसी ने कहा कि प्रथम श्रेणी से 10वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्रओं को सरकार प्रोत्साहित करने के लिए रुपये दे रही है. इस राशि का उपयोग आगे की पढ़ाई में करें. डीडीसी ने कहा कि आप सभी 10वीं की कक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण कर अपनी जिंदगी की एक बड़ी पहली सफलता हासिल की हैं. अन्य बच्चों को भी प्रेरित करें और स्वयं भी आगे की पढ़ाई कड़ी मेहनत व पूरी तन्मयता से करें. यह प्रतियोगिता का युग है.
एक-दूसरे को मात देकर ही आगे बढ़ा जा सकता है. इसलिए मेहनत करें और आगे बढ़ें. जब आप राष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम रोशन करेंगे तो परिवार, समाज का मान बढ़ेगा. इसलिए अपनी प्रतिभा का लोहा पूरे हिंदुस्तान में मनवायें. जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि कुल 1470 छात्र-छात्रओं को मेधावृत्ति राशि दी जायेगी. सोमवार को 247 छात्र-छात्रओं को चेक दिया गया है. इसी तरह तिथिवार अन्य छात्र-छात्रओं को मेधावृत्ति की राशि दी जायेगी. इस मौके पर कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे.
