अंगूठे से होगी राशनकार्ड धारकों की पहचान, पॉस मशीन से मिलेगा अनाज

औरंगाबाद नगर : नये साल में राशनकार्ड धारकों की पहचान अंगूठे से होगी. सस्ते दर पर चावल-गेहूं की आपूर्ति आधार कार्ड आधारित हो जायेगी. इसको लेकर आपूर्ति विभाग की कवायद तेज हो गयी है. साल के आखिरी महीने या फिर 2020 के जनवरी महीने में जिले के सभी जनवितरण दुकानों पर पॉस मशीन लगा दी […]

औरंगाबाद नगर : नये साल में राशनकार्ड धारकों की पहचान अंगूठे से होगी. सस्ते दर पर चावल-गेहूं की आपूर्ति आधार कार्ड आधारित हो जायेगी. इसको लेकर आपूर्ति विभाग की कवायद तेज हो गयी है. साल के आखिरी महीने या फिर 2020 के जनवरी महीने में जिले के सभी जनवितरण दुकानों पर पॉस मशीन लगा दी जायेगी. जहां उपभोक्ता अंगूठा लगा कर खाद्यान्न उठा सकेंगे.

खास बात यह होगी कि इसके लिए आधार सीडिंग आवश्यक होने के कारण जालसाजी की गुंजाइश खत्म हो जायेगी. साथ ही, प्रति माह वितरित खाद्यान्न के आधार पर ही अगले माह का अनाज आवंटन होगा. पॉश मशीन लगने के बाद जनवितरण दुकानों का स्वरूप बदल जायेगा.
राज्य खाद्य निगम के गोदामों से जन वितरण दुकानों तक अनाज की डोर स्टेप डिलीवरी करने वाली वाहनों द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से डुगडुगी एवं गीत बजाकर प्रचार किया जायेगा कि अमुक पंचायत के जनवितरण दुकानदार के यहां अमुक महीने का राशन-केरोसिन आ गया है. सभी कार्डधारी संबंधित दुकान से खाद्यान्न लेना सुनिश्चित करें.
बिना आधार लिंक वाले सदस्य नहीं ले सकेंगे अनाज
नयी व्यवस्था में कार्डधारक को जन वितरण दुकान पर जाने के बाद ही अनाज मिलेगा. राशन कार्ड में शामिल परिवार के अन्य सदस्यों का आधार राशनकार्ड से लिंक होने पर राशन आपूर्ति में कोई बाधा नहीं होगी.
सरकार ने परिवार की महिला प्रधान के नाम राशन कार्ड बनाया है. अब तक परिवार का कोई भी सदस्य चावल-गेहूं जन वितरण दुकान से लेते थे. अब बिना आधार लिंक वाले सदस्य अनाज नहीं ले सकेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >