नियुक्ति. औरंगाबाद कोर्ट के िलए नयी पहल
औरंगाबाद सदर : औरंगाबाद व्यवहार न्यायालय में गुरुवार को अब तक की पहली महिला जज आनंदिता सिंह ने सबजज आठ के पद पर पदभार ग्रहण किया. जानकारी देते हुए अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने बताया कि वर्ष 1973 में जिला बनने के बाद से आनंदिता न्यायालय की पहली महिला न्यायाधीश हैं. पदभार ग्रहण के बाद महिला न्यायाधीश आनंदिता ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि इस जिले में पहली महिला जज बनने का मौका मिला है. यह जान कर भी काफी खुशी हुई कि यहां 15-20 महिला अधिवक्ता भी हैं. पदभार ग्रहण करने के बाद महिला अधिवक्ताओं ने जिले की पहली महिला न्यायाधीश को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर अधिवक्ता शोभा कुमारी, स्नेहलत्ता, मीरा कुमारी, प्रभावती राय, लूसी कुमारी, सुनीता कुमारी, निवेदिता कुमारी व नेहा अग्रवाल आदि उपस्थित थीं.
महिला अधिवक्ताओं ने जताया हर्ष
न्यायालय में पहली बार महिला न्यायाधीश के आने पर महिला अधिवक्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है. महिला अधिवक्ताओं ने हर्ष जताते हुए कहा कि इस दिन का इंतजार कई वर्षों से था. अपने बीच एक महिला न्यायाधीश को पाकर खुशी हो रही है.
