औरंगाबाद शहर : औरंगाबाद जिला कायस्थ महासभा की महिला समिति ने चित्रांश परिवार की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा महिला सशक्तीकरण के लिए एक अभियान चलाने का निर्णय लिया है. समिति ने यह निर्णय मंगलवार की रात जिला मुख्यालय के सत्येंद्र नगर स्थित संजना किशोर के आवास पर हुई बैठक में लिया. बैठक की अध्यक्षता समिति की अध्यक्ष डॉ शीला वर्मा ने की. बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर आर्थिक रूप से कमजोर चित्रांश परिवार की महिलाओं को विभिन्न प्रकार के रोजगार से जोड़ने के लिए कार्य योजना बनाने पर आम सहमति बनी.
इसके तहत लाभुक महिलाओं का चयन करने का भी निर्णय लिया गया. साथ ही चित्रांश परिवार के प्रतिभाशाली मेधावी व आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की पढ़ाई में मदद करने पर भी समिति की सहमति बनी. बैठक में एक अन्य प्रस्ताव पारित कर समिति की वरीय सदस्य व डीएवी पब्लिक स्कूल की शिक्षिका बबिता सिन्हा को महासचिव के पद पर मनोनीत किया गया. इसके अलावा संगठन से चित्रांश परिवार की उन महिलाओं को जोड़ने का निर्णय लिया गया, जो अब तक समिति से नहीं जुड़ सकी हैं. बैठक में डॉ शीला वर्मा, अरुण लता सिन्हा, संजना किशोर, सलोनी अंबष्ट, निभा सिहा, रश्मि सिन्हा, वर्तिका सिन्हा, बबीता सिन्हा, श्वेता वर्मा, सारिका सिन्हा, पुष्पा सिन्हा, हैप्पी सिन्हा समेत दर्जनों महिलाओं ने भाग लिया. बैठक में योग को अपनाने तथा योग दिवस के अवसर पर 21 जून को कार्यक्रम करने का भी निर्णय लिया गया.
