औरंगाबाद कार्यालय : कथरूआ मुहल्ले में दहेज के लिए ससुराल वालों ने दो वर्ष पूर्व ब्याही महिला स्वीटी देवी की गला दबा कर हत्या कर दी. घटना रविवार की शाम की है. रात में नगर थाना की पुलिस ने घटनास्थल से शव बरामद कर लिया है. सोमवार की सुबह मायके वालों के समक्ष पोस्टमार्टम की […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
औरंगाबाद कार्यालय : कथरूआ मुहल्ले में दहेज के लिए ससुराल वालों ने दो वर्ष पूर्व ब्याही महिला स्वीटी देवी की गला दबा कर हत्या कर दी. घटना रविवार की शाम की है. रात में नगर थाना की पुलिस ने घटनास्थल से शव बरामद कर लिया है. सोमवार की सुबह मायके वालों के समक्ष पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गयी. इस मामले में मृतका के भाई व झारखंड राज्य के पलामू जिला अंतर्गत हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बसडीहा निवासी रोहित कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
इस घटना में मृतका के पति रंजन कुमार सिंह, पिता जय कुमार सिंह,चाचा अजीत सिंह,दादा कामता सिंह और सौतेली मां को आरोपित बनाया गया है. रोहित ने पुलिस को दिये बयान में कहा है कि उसकी बहनी स्वीटी की हत्या दहेज के लिए ससुरालवालों ने की है. स्वीटी का पति रंजन ट्रक खरीदने के लिए पांच लाख रुपये की मांग लगातार कर रहा था.
कई दफे स्वीटी के साथ मारपीट व प्रताड़ना का भी दौर चला और अंतत: मारपीट कर उसे गले में फांस देकर हत्या कर दी. इधर मिली जानकारी के अनुसार ससुरालवाले कथरूआ गांव से घर छोड़ फरार है. नगर थानाध्यक्ष राजेश वर्णवाल ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
आइएएस की तैयारी कर रही थी स्वीटी : कथरूआ गांव में दो वर्ष पूर्व वर्ष 2016 में दुल्हन बन कर आयी स्वीटी आइएएस की तैयारी कर रही थी. स्वीटी का पति रंजन शहर के ही एक हैचरी में काम कर रहा था. स्वीटी का अधिक पढ़ा-लिखा होना उसके पति को नहीं भा रहा था. बात-बात में दोनों के बीच विवाद हो जाता और फिर मारपीट हो जाती थी. गांव में जिस स्वीटी की पढ़ाई पर लोग नाज करते थे आज वे पूरी तरह गमों के सागर में डूबे हुए नजर आये.
आत्महत्या की भी उठी बात : स्वीटी का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में ही नहीं बल्कि शहर में अचानक आत्महत्या की चर्चा शुरू हो गयी, लेकिन जब स्वीटी के मायके वाले पहुंचे तो आत्महत्या की चर्चा हत्या में बदल गयी. पुलिस ने ससुराल से स्वीटी का शव एक बेड से बरामद किया. शरीर के कई हिस्सों पर चोट का निशान था और गला फांस की गवाही दे रहा था. मृतका के भाई रोहित ने बताया कि उसकी बहन ने आत्महत्या नहीं की,बल्कि उसकी हत्या कर दी गयी. जिस जगह से शव बरामद हुआ उस जगह पर फांसी लगाने का कोई साधन नहीं था और मकान का छत भी काफी नीचे था. ससुराल वाले उसकी हत्या कर फरार हो गये. इधर पता चला कि घटना की सूचना किसी पड़ोसी द्वारा मृतका के मायकेवालों को दी गयी थी.