Safety Concerns : कुर्था प्रखंड क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सचई में विद्यालय भवन निर्माण को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों एवं अभिभावकों की बैठक आयोजित की गयी. इसकी अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य मीनू कुमारी ने की. इस दौरान सचई पंचायत के मुखिया किशोरी साव भी मौजूद रहे. बैठक में ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय के लिए नये भवन के निर्माण की मांग जोरदार तरीके से उठायी. प्रधानाचार्य मीनू कुमारी ने बताया कि विद्यालय के बच्चे जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर हैं.
दो कमरों में बैठने को मजबूर हैं छात्र-छात्राएं
जानकारी के अनुसार विद्यालय में महज दो कमरे व एक बरामदे में प्राथमिक विद्यालय सचई के 83 तथा नवसृजित प्राथमिक विद्यालय दक्षिणी के 87 कुल 170 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं. भवन की छत और दीवारें जर्जर होने के कारण बारिश के दौरान कमरों में पानी टपकता है. इससे बच्चों और शिक्षकों के बीच हमेशा अनहोनी की आशंका बनी रहती है. जगह की कमी के कारण विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाने के लिए भी बरामदे का इस्तेमाल करना पड़ता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय की अन्य गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं.
अधिकारियों पर लगाया अनदेखी करने का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन की स्थिति से वरीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक नए भवन के निर्माण की दिशा में ठोस पहल जर्जर नहीं हुई है. बैठक के दौरान सचई पंचायत के मुखिया किशोरी साव ने कहा कि पंचायत स्तर से विद्यालय भवन की मरम्मत कराई जा सकती है. वहीं ग्रामीण अनिल कुमार ने कहा कि जर्जर भवन में बच्चों की पढ़ाई कराना चिंता का विषय है. सरकार और संबंधित विभाग से मांग है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय भवन का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए.
