सोनभद्र-बंशी सूर्यपुर के अधिकांश गांव बाढ़ से घिरे, सड़क संपर्क टूटा,तेज बहाव में फंसने से बाल-बाल बची बस

पुनपुन नदी के जलस्तर में वृद्धि से वंशी प्रखंड के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। मुख्य मार्ग बंद होने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

Floods in Arwal : अरवल जिले के सोनभद्र बंशी सूर्यपुर प्रखंड के अधिकांश गांव इन दिनों बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं. पुनपुन नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से गांवों और प्रमुख सड़कों पर पानी फैल गया है. स्थिति इतनी गंभीर है कि सोनभद्र बंशी सूर्यपुर प्रखंड का करपी और कुर्था प्रखंड से सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है. वहीं, गया और औरंगाबाद जिले से भी आवागमन बाधित हो गया है. इससे लोगों की परेशानी बढ़ गयी है.

शादीपुर के पास छह फीट पानी का बहाव

पुनपुन नदी के आसपास बसे गांव बाढ़ की चपेट में हैं. अधिकांश गांवों को जोड़ने वाली सड़कों पर पानी की तेज धारा बह रही है. सोनभद्र-शादीपुर वाया मानिकपुर पथ पर शादीपुर के समीप करीब छह फीट पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है. तेज बहाव के कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है. शादीपुर के ग्रामीणों के लिए गांव से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है.

पानी के बहाव में फंसने से बाल-बाल बची बस

इसी दौरान सोनभद्र से गया जा रही हरिओम नामक बस पानी के तेज बहाव में बहने से बाल-बाल बच गयी. बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं. बस के पानी में बह जाने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने उसे एक पेड़ से बांध दिया, ताकि तेज धारा में बस बहकर दूर न चली जाए.

अधिकांश प्रमुख सड़कें डूबीं

प्रखंड के कुछ मार्गों को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख सड़कें बाढ़ के पानी में डूब गयी हैं. करपी और कुर्था से संपर्क टूटने के साथ गया एवं औरंगाबाद जिले से भी आवागमन बाधित हो गया है. इससे लोगों को दैनिक जरूरतों के सामान, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

स्कूल और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित

बाढ़ के पानी से प्रखंड के अधिकांश विद्यालय भी घिर गए हैं. कई विद्यालयों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है. वहीं, कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित है. लगातार बिगड़ रही बाढ़ की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >