अरवल के 20 गांवों की बदलेगी तस्वीर, आदर्श ग्राम योजना से होगा समग्र विकास

पीएम आदर्श ग्राम योजना के तहत अरवल जिले के 20 अनुसूचित जाति बहुल गांवों का विकास होगा। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के लिए सर्वे शुरू किया गया है।

Arwal News : अरवल जिले में अनुसूचित जाति बहुल जिले के 20 गांवों की तस्वीर बदलने की तैयारी शुरू हो गयी है. इन गांवों में बुनियादी सुविधाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और आजीविका के क्षेत्र में व्यापक काम कराया जाएगा. केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के आदर्श ग्राम घटक के तहत इन गांवों का चयन किया गया है. चयनित गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कल्याण विभाग ने सर्वेक्षण का काम शुरू कर दिया है.

गांव-गांव पहुंचकर जरूरतों का हो रहा आकलन

सर्वेक्षण के आधार पर प्रत्येक गांव की वास्तविक जरूरतों का आकलन किया जाएगा. इसके बाद गांव के विकास के लिए ग्राम विकास योजना तैयार होगी. इसी रिपोर्ट के आधार पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और समग्र विकास की कार्ययोजना बनायी जाएगी. जिले के सभी प्रखंडों से 20 गांवों का चयन किया गया है, जहां अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की आबादी 40 प्रतिशत या उससे अधिक है.

पेयजल से लेकर रोजगार तक की होगी पड़ताल

सर्वेक्षण का काम विकास मित्रों और टोला सेवकों के माध्यम से कराया जा रहा है. टीम गांव-गांव जाकर पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आवास, बिजली, स्वच्छ ईंधन और इंटरनेट की उपलब्धता का आकलन कर रही है. इसके अलावा बैंकिंग सुविधा, कृषि, सिंचाई, कौशल विकास, आजीविका, सामाजिक सुरक्षा और डिजिटलीकरण की स्थिति की भी जानकारी जुटायी जा रही है.

इन गांवों का हुआ चयन

सदर प्रखंड के कोनिका और सैदपुर, कलेर प्रखंड के इन्जोर और ओझा बिगहा, बंशी प्रखंड के मखमिलपुर, गंगापुर, गाजीपुर और बिथरा, कुर्था प्रखंड के सहवाजपुर, जगदीशपुर, दरहेटा, हेलालपुर और सालेपुर तथा करपी प्रखंड के कसौटी, खजुरी, मिल्की, बाजितपुर, करवाहंकार, झीकटिया और पीढ़ो गांव को आदर्श ग्राम के रूप में चयनित किया गया है.

इसी माह पूरा होगा सर्वे

जिला कल्याण पदाधिकारी रविंद्र कुमार दास ने बताया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत जिले के 20 गांवों का चयन केंद्र सरकार द्वारा किया गया है. चयनित गांवों में विकास मित्रों और टोला सेवकों के माध्यम से सर्वे कराया जा रहा है. सर्वे के आधार पर प्रत्येक गांव की विकास संबंधी आवश्यकताओं की रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी. इस माह के अंत तक सर्वेक्षण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि शीघ्र ग्राम विकास कार्ययोजना तैयार कर योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By निशिकांत सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >