अरवल: राष्ट्रीय खेल दिवस पर 'एक घंटा खेल के मैदान में' अभियान ने पकड़ा जोर, DM अमृषा बैंस के मार्गदर्शन में जिलेभर में हुए खेल आयोजन

राष्ट्रीय खेल दिवस पर अरवल में एक घंटा खेल के मैदान में अभियान के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, युवाओं को फिटनेस के लिए प्रेरित किया गया.

Arwal News: महान हॉकी जादूगर मेजर ध्यानचंद की पावन जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अरवल जिले में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर खेल और फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया. भारत सरकार के 'फिट इंडिया' अभियान के तहत संचालित ''एक घंटा खेल के मैदान में'' विशेष थीम पर जिला पदाधिकारी (DM) अमृषा बैंस के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं खेल मैदानों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं.

इन आयोजनों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों के अनुसार फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, रस्सीकूद, योग, साइकिलिंग एवं विभिन्न फिटनेस ड्रिल्स कराई गईं.

कम से कम एक घंटा खेल और फिटनेस पर दिया गया बल

अभियान के मुख्य उद्देश्य के तहत प्रतिभागियों को रोजाना कम से कम एक घंटा खेलकूद और शारीरिक व्यायाम में सक्रिय रूप से बिताने के लिए प्रेरित किया गया. जिन संस्थानों में खेल मैदान का अभाव था, वहां उपलब्ध परिसर में योग, एरोबिक्स, इंडोर गेम्स और शारीरिक दक्षता (फिजिकल फिटनेस) से जुड़ी गतिविधियां कराई गईं. इन गतिविधियों के जरिए छात्र-छात्राओं में अनुशासन, टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ खेल भावना का विकास करने का प्रयास किया गया.

मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान

समारोहों के दौरान विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन संघर्ष, उनके अटूट समर्पण और भारतीय खेल जगत में उनके ऐतिहासिक योगदान से अवगत कराया गया. प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और खिलाड़ियों को जिला प्रशासन व विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया.

समावेशी भागीदारी और सुरक्षा पर विशेष ध्यान

जिला प्रशासन द्वारा इन कार्यक्रमों में छात्राओं, दिव्यांग विद्यार्थियों और समाज के सभी वर्गों की समान भागीदारी सुनिश्चित की गई. इस दौरान सुरक्षा और प्राथमिक चिकित्सा के भी पुख्ता इंतजाम रहे. पूरे आयोजन के जरिए जिले भर में "खेलो, स्वस्थ रहो और फिट रहो" का संदेश गूंजता रहा, जिससे युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह देखने को मिला.

Also Read: अरवल में जनता दरबार में पहुंचा PCC सड़क का मामला, डीएम ने करपी BDO-CO को स्थल जांच का दिया आदेश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By निशिकांत सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >