राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल में सात से 14 सितम्बर तक चल रहे हिंदी सप्ताह का समापन सोमवार को हिंदी दिवस समारोह के साथ किया गया. हिंदी सप्ताह के दौरान महाविद्यालय में छात्रों के लिए हिंदी एवं बिहार से संबंधित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में असैनिक अभियंत्रिकी (फाइनल ईयर) की ब्यूटी कुमारी और धीरज कुमार की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.
छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभाओं का किया प्रदर्शन
इसके अलावा हिंदी सप्ताह में ओपन माइक का भी आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने कविता, शायरी, गीत, स्टैंड-अप कॉमेडी आदि जैसी विभिन्न एवं उत्कृष्ट कलाओं की प्रस्तुति दी.महाविद्यालय में हिंदी सप्ताह व हिंदी दिवस समारोह के सफल आयोजन में महाविद्यालय के हिंदी साहित्य सभा की समन्वयक डॉ. शिप्रा सिन्हा, छात्र प्रतिनिधि धीरज कुमार सहित सभा के मुख्य सदस्यों का अहम योगदान रहा.
काम-काज में हिंदी का करें इस्तेमाल : प्राचार्य
14 सितम्बर को हिंदी दिवस समारोह का आगाज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रणव कुमार के संबोधन से हुआ. उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के प्रचार, प्रसार व संरक्षण के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और एकता की पहचान है. इसके बाद कई मनोरंजक एवं सृजनात्मक खेलों का आयोजन किया गया, जिसे विद्यार्थियों ने खूब सराहा.
