Arwal TB-Free India Campaign : अरवल में जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में गुरुवार सुबह टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
लक्ष्य के अनुरूप टीबी स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप टीबी स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने कहा कि जांच और उपचार से संबंधित सभी प्रविष्टियां निक्षय पोर्टल पर समय पर दर्ज की जाएं, ताकि अभियान की प्रगति की प्रभावी निगरानी हो सके.
मरीजों को समय पर मिले उपचार और पोषण सहायता
बैठक में उपचाररत मरीजों को डिफरेंशियल टीबी केयर, टीपीटी की दवा तथा निक्षय पोषण योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया. जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि टीबी उन्मूलन से जुड़ी स्क्रीनिंग, उपचार और पोषण सहायता की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में सहायक समाहर्ता, सिविल सर्जन, संचारी रोग पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.
