अरवल जिले में डीएम अमृषा बैंस ने विकास योजनाओं की समीक्षा में दिखाई सख्ती, समय पर काम पूरा करने का निर्देश

अरवल जिले में विकास योजनाओं को गति देने के लिए डीएम अमृषा बैंस ने अधिकारियों के साथ सख्त समीक्षा बैठक की. उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की बारीकी से जांच की और समय सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया. लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

अरवल जिले में चल रही विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की रफ्तार तेज करने को लेकर डीएम अमृषा बैंस ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी अधिकारियों को तय समय सीमा के अंदर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया.

नहरों में पानी और सिंचाई व्यवस्था सुधारने पर जोर

बैठक के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने नहरों से संबंधित लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए. इसके लिए संबंधित अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करें.

सड़क सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

सड़क निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा. उन्होंने सड़कों पर रिफ्लेक्टर, संकेतक बोर्ड और अन्य सुरक्षा चिह्न लगाने का निर्देश दिया, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो और सड़क हादसों में कमी लाई जा सके.

72 राजकीय नलकूपों में 51 चालू, बाकी जल्द शुरू कराने का निर्देश

लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जिले में कुल 72 राजकीय नलकूप हैं, जिनमें 51 नलकूप वर्तमान में संचालित हैं. डीएम ने शेष बंद पड़े नलकूपों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द चालू कराने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को सिंचाई सुविधा मिल सके.

शिक्षा और पेयजल व्यवस्था सुधारने पर भी दिया गया जोर

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए. वहीं पीएचईडी विभाग को खराब पड़े चापाकलों की तत्काल मरम्मत कराने और जरूरत वाले क्षेत्रों में नए चापाकल लगाने को कहा गया.

दिव्यांगजनों को समय पर मिले सुविधा, यूडीआइडी आवेदन निपटाने का निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने यूडीआइडी पोर्टल पर लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को प्रमाणपत्र और सरकारी सुविधाओं का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए.

काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नियमित निगरानी के निर्देश

डीएम अमृषा बैंस ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय सीमा के अंदर लक्ष्य पूरा करने को कहा.

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला कल्याण पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, वरीय उप समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nishikant kumr

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >