Arwal Sadar Hospital : अरवल सदर अस्पताल में अब मरीजों को जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. अस्पताल में पीपीपी मोड पर साइंस हाउस लैब के माध्यम से 127 प्रकार की जांच की सुविधा 24 घंटे के लिए शुरू कर दी गई है.
मरीजों को सभी जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी. निजी केंद्रों पर 1500 से 2000 रुपये तक खर्च कराने वाली थायराइड जांच भी अब अस्पताल में मुफ्त होगी. केंद्र पर 17 प्रकार की सीबीसी, प्लेटलेट, डब्ल्यूबीसी, विटामिन डी व विटामिन 12 सहित अन्य जांच की जा रही है. इसके अलावा ऑटोमेटिक बायोकेमेस्ट्री मशीन से केएफटी, एलएफटी, लिपिड प्रोफाइल, किडनी, बीपी, शुगर, ब्लड यूरिया, सोडियम, पोटेशियम व क्लोराइड की जांच हो रही है.
प्रखंडों में बने स्पोक सेंटर, रोजाना 250 से अधिक जांच
जिले के सभी प्रखंडों, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक सुविधा पहुंचाने के लिए स्पोक सेंटर बनाए गए हैं, जहां से सैंपल संग्रह किए जाएंगे. सदर अस्पताल के पैथोलॉजी केंद्र में रोजाना औसतन 250 से अधिक सैंपल की जांच हो रही है.
Arwal Sadar Hospital में छह टेक्निशियन तैनात, ऑनलाइन मिलेगी रिपोर्ट
इंचार्ज डॉ. शशिभूषण कुमार के नेतृत्व में छह टेक्निशियन मरीजों के सैंपल की जांच कर रहे हैं. डाटा ऑपरेटर द्वारा रिपोर्ट ऑनलाइन की जा रही है. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार नई व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय होने के बाद पुराना जांच केंद्र बंद कर दिया जाएगा.
