Arwal News: बद्रीगढ़ गांव में बगीचे में लगाई आग, दर्जनों पेड़ जलकर नष्ट

Arwal News: अरवल के बद्रीगढ़ गांव में असामाजिक तत्वों ने एक बगीचे में आग लगा दी, जिससे दर्जनों पेड़ जलकर नष्ट हो गए. आग बुझाने पहुंचे लोगों का विरोध करने पर बगीचे की देखरेख कर रहे व्यक्ति के साथ मारपीट भी की गई.

Arwal News (अजित कुमार शेखर): जिले के करपी प्रखंड अंतर्गत तेलपा थाना क्षेत्र के बद्रीगढ़ गांव में गुरुवार दोपहर असामाजिक तत्वों द्वारा एक बगीचे में आग लगाने का मामला सामने आया है. इस घटना में दर्जनों पेड़ जलकर नष्ट हो गए. आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

देखते ही देखते आग की चपेट में आया पूरा बगीचा

जानकारी के अनुसार बद्रीगढ़ गांव निवासी ललित कुमार के बगीचे से अचानक आग की लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते आग ने पूरे बगीचे को अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के क्षेत्रों में बड़ा नुकसान होने से बच गया.

नए सिरे से तैयार किया जा रहा था बगीचा

ग्रामीणों के अनुसार बगीचे में लगे कई पुराने आम के पेड़ पहले ही सूख चुके थे, जिसके बाद नए सिरे से बगीचा तैयार किया जा रहा था. इसी दौरान असामाजिक तत्वों ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया. घटना के समय बगीचे की देखरेख कर रहे नन्हे पासवान ने आग लगाने का विरोध किया तो उनके साथ मारपीट भी की गई.

ग्रामीणों में दहशत, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि गांव में लगातार असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं, बगीचे के मालिक ललित कुमार के गांव से बाहर रहने के कारण देर शाम तक थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई जा सकी थी.

Also Read: खुले में डंप किया जा रहा कचरा, गांव में संक्रमण की आशंका

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >