अरवल के शवदाह गृह में शव मिलने से सनसनी, चार दिन से लापता वृद्ध की हुई पहचान, पुलिस कर रही सभी एंगल से जांच

Arwal News : अरवल जिले के कलेर थाना क्षेत्र स्थित बुधन बीघा शवदाह गृह में एक वृद्ध का शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद उसकी पहचान मोहम्मद मंजूर अंसारी के रूप में हुई. परिजनों ने गर्मी और लू लगने से मौत की आशंका जताई है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

अरवल से अंजनी कुमार की रिपोर्ट
Arwal News : कलेर थाना क्षेत्र के बुधन बीघा गांव स्थित शवदाह गृह में एक वृद्ध व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अरवल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

शव मिलने से ग्रामीणों में मची हलचल

मंगलवार की देर रात ग्रामीणों ने शवदाह गृह में एक वृद्ध व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़े देखा. इसके बाद इसकी सूचना कलेर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की.

पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

कलेर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मौके पर करीब 65 वर्षीय वृद्ध का शव बरामद हुआ था. रात में काफी प्रयास के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.

मृतक की पहचान मोहम्मद मंजूर अंसारी के रूप में हुई

बाद में परिजनों के पहुंचने पर मृतक की पहचान मोहम्मद मंजूर अंसारी के रूप में हुई. परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और चार-पांच दिन पहले घर से लापता हो गए थे. भटकते हुए वह बुधन बीघा पहुंच गए थे.

लू लगने से मौत की आशंका

परिजनों ने आशंका जताई है कि भीषण गर्मी और लू लगने के कारण उनकी मौत हुई होगी. हालांकि पुलिस ने कहा है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए थे और मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रहे थे. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.

इसे भी पढ़ें : भरत तिवारी मामले में न्याय की मांग को लेकर करणी सेना का महापंचायत, कई राज्यों से हजारों की संख्या में पहुंचे समर्थक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >