किंजर. डीएम अमृषा बैंस के आदेश पर मंगलवार की शाम अरवल नगर परिषद की टीम मशीनरी के साथ किंजर कुर्था मोड़ स्थित जलजमाव स्थल पर पहुंची. टीम ने सक्शन मशीन की मदद से जमा गंदे पानी को बाहर निकालने का काम शुरू किया. इससे राहगीरों, बाइक चालकों और आसपास के दुकानदारों को तत्काल राहत मिली.
दो सक्शन मशीन और जेसीबी से हुई सफाई नगर परिषद की टीम अपने साथ गंदा पानी निकालने वाली दो सक्शन मशीन और एक जेसीबी लेकर पहुंची थी. सक्शन मशीन से बारी-बारी से जलजमाव वाले स्थान का गंदा पानी खींचकर पास के पईन में डाला गया. पानी निकलने के बाद सड़क पर आवागमन पहले की तुलना में आसान हो गया.
बारिश हुई तो फिर जमा हो सकता है पानी जलजमाव से फिलहाल लोगों को राहत जरूर मिली है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समाधान स्थायी नहीं है. अगर दोबारा बारिश हुई तो कुर्था मोड़ पर पहले की तरह जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो सकती है. ऐसे में नाले की नियमित सफाई जरूरी है.
डेढ़ माह से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे लोग आसपास के लोगों के अनुसार, करीब डेढ़ माह से इस स्थान पर जलजमाव की समस्या बनी हुई है. लोगों का कहना है कि स्थायी समाधान के लिए पक्के नाले पर जगह-जगह लगे स्लैब को हटाकर नाले के अंदर जमा कचरे की सफाई करनी होगी. नाला साफ होने के बाद गंदा पानी नियमित रूप से बाहर निकल सकेगा.
नगर परिषद के अधिकारियों ने संभाली सफाई की कमान सफाई कार्य की निगरानी अरवल के स्वच्छता जिला समन्वयक निलेश कुमार सिंह, अरवल नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मोनू कुमार, नगर परिषद स्वच्छता प्रभारी नीरज भारद्वाज और किंजर पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक प्रमोद कुमार ने की. अधिकारियों ने मौके पर सफाई कार्य का जायजा लिया.
स्थायी समाधान की मांग कर रहे स्थानीय लोग स्थानीय लोगों ने जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि केवल जमा पानी निकालने से समस्या खत्म नहीं होगी. नाले की सफाई और पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त होने से ही बारिश के दौरान बार-बार होने वाले जलजमाव से राहत मिल सकती है.
