अरवल : जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक जिला पदाधिकारी रवि शंकर चौधरी की अध्यक्षता में हुई. कृषि विभाग की समीक्षा के तहत बताया गया कि डीजल अनुदान वितरण के तहत 16,144 प्राप्त आवेदनों में से 13,660 की स्वीकृति हुई है. इनमें से 229 कृषकों को राशि उपलब्ध करा दी गयी है.
शेष के संबंध में डीएम ने आदेशित किया कि विभागीय पदाधिकारियों से बातकर उनके खातों में राशि शीघ्र भेजवायी जाये. मिट्टी की जांच के संबंध में 39 हजार लक्ष्य के विरुद्ध अब तक छह हजार की जांच कर ली गयी है. शेष की जांच भी शीघ्र कर लेने का निर्देश दिया गया.
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के तहत कलेर प्रखंड के बीडीओ ने बताया कि 749 लक्ष्य के विरुद्ध 745 की स्वीकृति प्रदान कर ली गयी है. निर्माण का काम तेजी से चल रहा है. कुर्था प्रखंड में 64 प्रतिशत व वंशी प्रखंड में 79 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है. डीएम द्वारा द्वितीय एवं तृतीय किस्त की राशि को उपलब्ध कराकर शीघ्र शतप्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया गया.
मनरेगा के समीक्षा के तहत 39 लाख मानव दिवस लक्ष्य के विरूद्ध अबतक 5.83 लाख का सृजन कर 13 प्रतिशत की उपलब्धि प्राप्त की गई है, जो मासिक लक्ष्य का शत प्रतिशत है. डीएम ने खुले में शौच से मुक्त कार्यक्रम की समीक्षा के तहत शौचालय बनवाने वालों की जिओ टैगिंग कर सभी को भुगतान करने का निर्देश दिया. अरवल जिला जीयो टैगिंग में पहले 28वां स्थान पर था, जो उपलब्धि के बाद 14वां स्थान पर आ गया है.
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के तहत सिविल सर्जन द्वारा बताया गया कि 11 जुलाई से फैमली प्लानिंग का काम शुरू हो जायेगा. आयुष्मान भारत के तहत पांच साल में इस जिले के 3.15 लाख लोगों का कार्ड बनाया जाना है. अब तक 22,500 लोगों का कार्ड बन गया है. बैठक में सिविल सर्जन डॉ अरविंद कुमार, जिला योजना पदाधिकारी, डीपीआरओ धीरेंद्र कुमार सिंह के साथ अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे.
जल्द हटाएं एनएच से जलजमाव : डीएम
अरवल. शहर में जलजमाव को डीएम ने गंभीरतापूर्वक लिया है. छुट्टी से वापस लौटते ही डीएम रविशंकर चौधरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी नगर प्रबंधक और कई विभाग के कार्यपालक अभियंता और कनीय अभियंता के साथ बैठक की.
बैठक में शहर की स्थिति को गंभीर बताते हुए डीएम ने इसे तत्काल निजात दिलाने के लिए निर्देश दिया. इसके लिए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी बृजेश कुमार पांडेय, नगर प्रबंधक पंकज कुमार, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता रामदयाल पासवान, मुख्यमंत्री क्षेत्रीय अभियंत्रण संगठन के कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता अविनाश कहा गया.
डीएम ने निर्देश दिया कि घटनास्थल पर जाकर निरीक्षण करें. उसके बाद तय करें कि जलजमाव से कैसे मुक्ति मिलेगा. उसके अनुसार अविलंब काम शुरू करें, ताकि शहर के लोगों को जलजमाव से मुक्ति मिले. डीएम ने निर्देश दिया कि गठित टीम में सभी शामिल लोग इसे गंभीरतापूर्वक लें क्योंकि शहर में जलजमाव की समस्या गंभीर समस्या है.
