करपी (अरवल) : प्रखंड मुख्यालय स्थित हंसराज बाग गांव के निकट श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह हनुमत अचल प्राणप्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर 21 अप्रैल से शुरू होने वाले महायज्ञ के पूर्व संध्या में प्रतिदिन प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है.
करपी -इमामगंज पथ के किनारे स्थित प्रवचन स्थल पर स्वामी छोटे सरकार उर्फ कन्हैया शरण जी महाराज की अमृतवाणी सुनने के लिए आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. मंगलवार की रात उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वामीजी ने कहा कि महायज्ञ के आयोजन से समाज में सुख, शांति व समृद्धि की भावना का आगमन होता है.
प्राचीन काल से भारत में महायज्ञ आयोजित होते रहे हैं और आज वैज्ञानिक रूप से भी महायज्ञ की सार्थकता को सिद्ध किया गया है. उन्होंने कहा कि आज के इस भागम भाग वाली दौड़ में सभी लोगों को अपना कर्म करना चाहिए. कर्म ऐसा कि दूसरे को उससे पीड़ा नहीं हो सके. जिस गांव में रहने वाले सभी लोग अच्छे कर्म करते हैं.
दूसरों को पीड़ा नहीं पहुंचाते. वैसे गांव में सुख और समृद्धि का वास होता है. ऐसे गांव में जन्म लेने वाले बच्चों का संस्कार काफी उत्तम होता है और गांव में खुशहाली आती है, लेकिन दुर्भाग्य से गांव में कुछ लोग ऐसे होते हैं जो अपने गंदे कर्मों से पूरे समाज के माहौल को खराब करते हैं. जिसका परिणाम गांव व क्षेत्र की प्रगति पर पड़ता है.
स्वामी जी ने कहा कि श्रद्धा व भक्ति हमेशा मनुष्य को अच्छे कर्मों की ओर जाने को प्रेरित करता है. हमलोगों को चाहिए कि अच्छे कर्म करें जिससे कि मनुष्य का जीवन सार्थक हो सके. आयोजन समिति के संयोजक डॉ सुनील कुमार , रामगति प्रसाद आदि ने बताया कि 21 अप्रैल को जलभरी का आयोजन किया जायेगा व प्रतिदिन रासलीला आयोजन के साथ 29 अप्रैल को महायज्ञ का समापन होगा.
