Arrah Railway Station: रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाये जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी आरा की संयुक्त टीम ने आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 के समीप एक संदिग्ध युवक को पकड़ा. उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. पूछताछ के दौरान युवक द्वारा उक्त मोबाइल किसी रेल यात्री से चोरी करने की बात स्वीकारने का आरोप है.
जांच के दौरान संदिग्ध अवस्था में मिला युवक
कार्रवाई आरपीएफ आरा के निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार एवं जीआरपी आरा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में की गयी. संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में निगरानी एवं जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिला. पूछताछ के दौरान वह स्टेशन पर आने का स्पष्ट कारण नहीं बता सका. इसके बाद टीम ने उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ.
मोबाइल का लॉक नहीं खोल सका युवक
बरामद मोबाइल लॉक था. पूछताछ के दौरान युवक मोबाइल का लॉक नहीं खोल सका. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर उक्त मोबाइल किसी रेल यात्री से चोरी करने की बात स्वीकार की. पकड़े गये युवक की पहचान भोजपुर जिले के कोइलवर निवासी रितेश कुमार के रूप में हुई.
जीआरपी को सौंपा गया युवक
आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने बरामद मोबाइल फोन सहित युवक को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी आरा को सुपुर्द कर दिया. पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है.
