चरपोखरी सीएचसी बदहाली का शिकार, मुखिया ने डीएम से की शिकायत

डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण सेमराव में ओपीडी सेवा पूरी तरह ठप

चरपोखरी.

प्रखंड मुख्यालय स्थित सीएचसी चरपोखरी की स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर सियाडीह पंचायत के मुखिया लालमुक्ति पासवान ने डीएम को पत्र लिखकर कहा कि अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार और कुव्यवस्था से क्षेत्र के लोग परेशान हैं.

मुखिया ने पत्र के माध्यम से आरोप लगाते हुए कहा है कि यह केंद्र अब मरीजों के इलाज के बजाये भ्रष्टाचार और मनमानी का अड्डा बन गया है, जिसके चलते क्षेत्र की गरीब जनता बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरस रही है. जिलाधिकारी को सौंपे गये शिकायती पत्र में मुखिया ने मुख्य रूप से केंद्र में पदस्थापित दंत चिकित्सक पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लंबे समय से अपनी ड्यूटी से गायब रहते हैं, जिसके कारण अस्पताल के कीमती उपकरण और मशीनें धूल फांक रही हैं और खराब होने की कगार पर हैं. यही नहीं अस्पताल के संचालन में भी भारी लापरवाही बरती जा रही है. ओपीडी के लिए दवा वितरण का समय सुबह 8 बजे से निर्धारित है, लेकिन मनमानी का आलम यह है कि काउंटर सुबह 10 बजे से पहले नहीं खुलता. इसके अलावा, प्रसव कक्ष में जीएनएम और एएनएम की ड्यूटी एक ही स्थान पर लगा दी गयी है. जबकि उनकी आवश्यकता अलग-अलग केंद्रों पर है. सेमराव में ओपीडी सेवा डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण पूरी तरह ठप पड़ी है. मुखिया लालमुक्ति पासवान ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर पैसे के खेल का आरोप लगाते हुए कहा कि यहां हर छह महीने पर सिविल सर्जन डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति में फेरबदल कर देते हैं. उन्होंने पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अग्निवेश प्रसाद के स्थानांतरण को रोकने के उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने का भी मुद्दा उठाया. साथ ही रोगी कल्याण समिति के पुनर्गठन में नियमों की धज्जियां उड़ाने और 102 एंबुलेंस कर्मियों के व्यवहार पर भी सवाल खड़े किये हैं. मुखिया ने चेतावनी दी है कि यदि इन व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं हुआ और लापरवाह स्वास्थ्यकर्मियों व प्रबंधकों पर कार्रवाई नहीं की गयी तो जनता के हितों के लिए उग्र आंदोलन किया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By DEVENDRA DUBEY

DEVENDRA DUBEY is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >