आरा में वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या, दो पक्षों के बीच समझौता करने पहुंचे थे, दो चचेरे भतीजे भी घायल

Arrah Ward Member Murder : भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. भीखमपुर गांव में शुक्रवार सुबह दो पक्षों के बीच हुई झड़प में वार्ड सदस्य अशोक सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात में उनके दो चचेरे भतीजे भी घायल हुए हैं.

Arrah Ward Member Murder : भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव में शुक्रवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई झड़प में वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान भीखमपुर गांव निवासी गांधी जी के 45 वर्षीय पुत्र अशोक सिंह के रूप में हुई है. वह अगिआंव प्रखंड की डिलिया पंचायत के वार्ड नंबर 11 के सदस्य थे. घटना में उनके दो चचेरे भतीजे भी लाठी-डंडों से घायल हुए हैं.

इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अशोक सिंह को काफी नजदीक से बाएं कंधे की तरफ गोली मारी गई. गोली लगने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

दो चचेरे भतीजे भी मारपीट में घायल

घटना में अशोक सिंह के चचेरे भतीजे कृष्ण सिंह और बलिराम सिंह भी घायल हुए हैं. दोनों को लाठी-डंडों से पीटने की बात सामने आई है. दोनों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया. घायल कृष्ण सिंह की उम्र 52 वर्ष और बलिराम सिंह की उम्र 36 वर्ष बताई गई है.

जमीन विवाद में हत्या की बात सामने आ रही

घटना के पीछे दो डिसमिल जमीन का पुराना विवाद बताया जा रहा है. घायल कृष्ण सिंह के अनुसार, गांव के कुछ लोगों से करीब छह महीने से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को भी उन्हें रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से पीटा गया था, जिसके बाद उनका इलाज आरा में चल रहा था.

अस्पताल में मौजूद परिजन

पीपल के पेड़ के पास घेरकर की गई वारदात

कृष्ण सिंह के अनुसार, शुक्रवार की सुबह वह अपने चचेरे चाचा अशोक सिंह और छोटे भाई बलिराम सिंह के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान गांव में पीपल के पेड़ के पास छह-सात लोगों ने उन्हें घेर लिया. आरोप है कि इसी दौरान अशोक सिंह को गोली मार दी गई, जबकि कृष्ण और बलिराम के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही चौरी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. वहीं, टाउन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया. पुलिस घटना के कारणों और आरोपों की जांच कर रही है.

घायल ने इन लोगों पर लगाया हत्या का आरोप

घायल कृष्ण सिंह ने गांव के ही सुमन सिंह और भानु सिंह समेत अन्य लोगों पर अशोक सिंह की हत्या का आरोप लगाया है. उनका आरोप है कि दो डिसमिल जमीन के विवाद को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी.

वार्ड सदस्य की मौत से परिवार में मचा कोहराम

अशोक सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. उनकी पत्नी सीता देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, वार्ड सदस्य की हत्या की खबर फैलते ही भीखमपुर गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद वसीम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >